केरल में आई भयानक बाढ़ से जहां तबाही का मंजर है वहीं इस त्रासदी ने कई लोगों को जोड़ने का काम किया है। केरल त्रासदी के बीच कई ऐसी मार्मिक और अद्भुत तस्वीरें सामने आ रही हैं जिन्हें देखकर लोगोंं का इंसानियत पर विश्वास प्रबल हुआ है। हाल ही में एक छोटी बच्ची केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सामने आई थी। तमिलनाडु के विलुप्पुरम की इस बच्ची ने अपने उन 9,000 हजार रुपए को दान कर दिया जिन्हें वो चार साल से जोड़ रही थी। बच्ची उन पैसों से एक साइकिल खरीदना चाहती थी। मगर केरल की आपदा देख उसने अपना इरादा बदल दिया और गुल्लक तोड़कर सारे पैसे दान में दे दिए थे।
आम लोगों के साथ ही साथ कई सेलेब्स भी केरल की बाढ़ को लेकर संजीदा हैं और अपने अपने स्तर पर प्रयास कर रहे हैं। हाल ही में मशहूर संगीतकार ए आर रहमान अमेरिका में एक कॉन्सर्ट में परफॉर्म कर रहे थे। वे इस दौरान अपने सुपरहिट गाने मुस्तफ़ा मुस्तफ़ा को गा रहे थे। इस बीच केरल की त्रासदी के प्रति संवदेनशीलता दिखाते हुए रहमान ने गाना शुरू किया – केरला, केरला डॉन्ट वरी केरला। रहमान के इस गाने को सुनकर वहां मौजूद दर्शक तालियां बजाने लगे।
Dont Worry Kerala #KeralaFloods #ARRahman #HelpKerala #StandwithKerala pic.twitter.com/0rx2JHKeoM
— ARR (@arr4u) August 19, 2018
गौरतलब है कि केरल में बरसात के थमने और बाढ़ प्रभावित कुछ इलाकों में पानी घटने के बाद अब लोग अपने घरों का रुख करने लगे हैं। केंद्रीय मंत्री केजे अल्फोंस ने 10 लाख से अधिक विस्थापित लोगों के पुनर्वास के लिए तैयार भोजन और कुशल कर्मचारियों को भेजने की अपील भी की है। हालांकि बीते दो दिन से बरसात से कुछ राहत मिली है लेकिन बाढ़ प्रभावित एर्नाकुलम, त्रिशूर, पथनमथिट्टा, अलाफुझा और कोल्लम जिलों के कई इलाकों में पानी का स्तर कम नहीं हुआ है। केरल में आठ अगस्त को बाढ़ आने के बाद से करीब 223 लोग जान गंवा चुके हैं। केरल में ये पिछले कुछ दशकों की सबसे भयंकर बाढ़ है जिसके कारण 20,000 करोड़ रूपए से अधिक का नुकसान हुआ है।