अभिनेता कमल हासन एवं प्रोडक्शन हाउस लाइका ने ‘इंडियन 2’ के सेट पर हुई दुर्घटना में तीन लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। इस घटना में नौ अन्य लोग भी घायल हो गए हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बुधवार रात दुर्घटना में एक कला निर्देशक सहित तीन लोगों की मौत हो गई है। क्रेन संचालक के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। क्रेन संचालक अभी फरार है। प्रोडक्शन हाउस के वक्तव्य के अनुसार इस दुर्घटना में सहायक निर्देशक कृष्णा, कला सहायक चंद्रन और निर्माण सहायक मधु की मौत हो गई है।
65 वर्षीय अभिनेता ने कहा कि वह पहले भी कई हादसों से दो-चार हुए हैं और उन्होंने पहले भी कई हादसे देखे हैं लेकिन यह हादसा बहुत दर्दनाक है।
हासन, फिल्म की नायिका काजल अग्रवाल और कई अन्य लोगों ने मौतों पर शोक व्यक्त किया और कहा की ऐसी घटना दुबारा ना हो। हासन ने बुधवार देर रात अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल पूछा। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना उपनगरीय नैजरेथपेट में हुई जहां सेट को खड़ा रखने के लिए लगाया गया क्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि एक निजी फिल्म स्टूडियो में शूटिंग चल रही थी।
लाइका निर्माण कंपनी ने ‘‘बेहद मेहनती’’ तकनीशियनों की मौत पर दुख प्रकट किया है। लाइका ने एक बयान में कहा कि इस हादसे में सहायक निर्देशक कृष्ण, कला सहायक चंद्रन और मधु की मौत हो गई। लाइका प्रोडक्शन ने कहा कि हम क्या महसूस कर रहे उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता है। प्रोडक्शन हाउस ने शोक संतप्त परिवार के साथ सहानुभूति व्यक्त की।
Crane crashed on the sets of #Indian2 pic.twitter.com/pxGZKktJsR
— Thusi (@thusi_c) February 19, 2020
वहीं हासन ने ट्वीट किया कि उन्होंने पहले भी कई हादसे देखे हैं लेकिन यह घटना बहुत ही डरावनी है जिसमें उन्होंने अपने तीन सहर्किमयों को खो दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘ मुझसे कहीं ज्यादा दुख उन परिवारों को है जिन्होंने अपनों को इस हादसे में खोया। मैं उन परिवारों के इस दुख में शामिल हूं।’’ धनुष सहित कई अन्य फिल्म अभिनेताओं ने इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया। धनुष ने ट्वीट में कर कहा कि ‘इंडियन 2’ के सेट पर हुई यह क्षति “अपूरणीय” है। उन्होंने कहा कि “ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।” उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
काजल अग्रवाल ने अपने सहयोगियों की मौत पर शोक जताया।
उन्होंने ट्वीट किया, “शब्दों से हमारे दिल का दर्द व्यक्त नहीं किया जा सकता। मुझे भरोसा नहीं हो रहा कि कल रात मैंने अपने सहयोगियों को खो दिया। कृष्ण, चंद्रन और मधु के परिवारों को मेरा प्यार, भगवान उन्हें शक्ति प्रदान करे।’’ उन्होंने कहा, “कल रात की दुर्घटना से हैरान और दुखी हूं। एक क्षण पहले वे जीवित थे और अब यह ट्वीट…।’’ गीतकार वैरामुथु ने भी मौतों पर दुख व्यक्त किया।

