भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक ‘एमएस धोनी – द अनटोल्ड स्टोरी’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार परफॉर्मेंस करते हुए 100 करोड़ क्लब में शामिल हो गई है। 30 सितंबर को रिलीज हुई इस फिल्म की अब तक की कमाई 103.40 करोड़ है। नीरज पांडे निर्देशित यह फिल्म धोनी की जिंदगी के अलग-अलग स्तरों को बड़ी खूबसूरती से दिखाती है। फिल्म में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत धोनी की भूमिका में हैं, और नन्हें जीशान ने धोनी के बचपन वाला किरदार निभाया है। तरण आदर्श द्वारा ट्विटर पर उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक ‘धोनी’ की 8 अक्टूबर की 5.20 करोड़ की कमाई के बाद अब यह 100 करोड़ क्लब में शामिल हो गई है। फोक्स स्टार स्टूडियो और अरुण पांडे प्रोड्यूस्ड इस फिल्म में किआरा आडवाणी, दिशा पट्टानी और अनुपम खेर भी हैं।

फॉक्स स्टार स्टूडियो के सीईओ विजय सिंह फिल्म को जनता से मिल रहे रिस्पॉन्स से काफी खुश हैं। उन्होंने कहा- ‘धोनी’ को जनता से मिल रहे प्यार से हम बहुत खुश हैं। फिल्म का 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर जाना भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तान को उसकी जमीं के लोगों से मिलने वाले प्यार का परिणाम है। उन्होंने कहा- यह अतुलनीय रूप से अद्भुद फिल्म है और हम हर उस शख्स के शुक्रगुजार हैं जिसने इस फिल्म को बनाने में योगदान किया है। अनुपम खेर ने भी ट्वीट किया- नीरज पांडे आपके शानदार काम का शुक्रिया जिससे आज धोनी की कहानी को करोड़ो लोग सराह रहे हैं।

Read Also: सलमान खान और अक्षय कुमार को हुआ प्यार, जानिए किस पर हुए दोनों फिदा