बिहार बोर्ड 12वीं के नतीजे जारी हो चुके हैं। इस वर्ष 12वीं साइंस स्ट्रीम में कल्पना कुमारी ने टॉप किया है। कल्पना ने 500 में से 434 मार्क्स हासिल किए। आपको बता दें कि कल्पना न सिर्फ 12वीं बोर्ड बल्कि नीट की भी टॉपर रह चुकी हैं। नीट 2018 के नतीजे 4 जून को जारी किए गए थे। कल्पना ने NEET UG 2018 में पहली रैंक प्राप्त की है। उनका पासिंग परसेंटाइल 99.99 फीसद रहा। कल्पना ने NEET UG 2018 परीक्षा में अच्छे स्कोर्स हासिल किए हैं। कल्पना ने फिजिक्स में 180 में से 171 अंक हासिल किए। वहीं केमेस्ट्री में 180 में से 160 और बायोलॉजी में 360 में से 360 अंक प्राप्त किए। कल्पना का ओवर ऑल स्कोर 720 में से 691 रहा। NEET UG 2018 परीक्षा 6 मई को हुई थी और इसमें 13 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स शामिल हुए थे।

बता दें नीट परीक्षा में टॉप करने के बाद कल्पना कुमारी ने अपने संघर्ष की कहानी इंडियन एक्सप्रेस डॉट कॉम से बातचीत में साझा की थी। उन्होंने कहा था, “मैं एक दिन में 13-14 घंटे पढ़ती थीं। मैंने अपनी तैयारी 2016 से, 10वीं की परीक्षा समाप्त होने के बाद ही शुरू कर दी थी।” बिहार बोर्ड में इस वर्ष कई स्टूडेंट्स ने टॉप किया है। साइंस स्ट्रीम में कल्पना कुमारी ने टॉप किया। उन्होंने 434 मार्क्स हासिल कर टॉप किया। अभिनव आदर्श ने 421 मार्क्स के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया है। वहीं रुद्रेश राज ने तीसरा स्थान 420 मार्क्स के साथ हासिल किया है। चौथे स्थान पर दो लोग हैं। 415 मार्क्स के साथ रिशु राज और सतीश चौथे नंबर पर हैं। वहीं 5वें नंबर पर प्रकाश और आदित्य आर्य हैं। दोनों ने 414 अंक हासिल किए।

Bihar Board BSEB 12th Result 2018 घोषित LIVE: यहां देखें मार्क्स, टॉपर्स लिस्ट और कैसे डाउनलोड करें मार्कसीट

वहीं आर्ट्स स्ट्रीम में कुसुम कुमारी ने 424 मार्क्स के साथ टॉप किया। कुसुम कुमारी सिमुल्तला आवसीय विद्यालय की स्टूडेंट हैं जो जमुई जिले में स्थित हैं। दूसरे स्थान पर प्रियांगी मेहता (422 मार्क्स), तीसरे पर प्रग्या प्रांजल (419 मार्क्स), चौथे पर ऋतिका कुमारी (417 मार्क्स) और पांचवें पर पूजा कुमारी (416 मार्क्स) रहीं। पासिंग परसेंटेज की बात करें तो इस वर्ष साइंस स्ट्रीम में 45% स्टूडेंट्स पास हुए हैं। वहीं कॉमर्स का पास प्रतिशत 82% रहा है। इसके अलावा 42% आर्ट्स स्ट्रीम में पास हुए।