RRB Group D exams 2018: गुजरात में 14 महीने की बच्ची से कथित बलात्कार के बाद राज्य के कई इलाकों से हिंसा की खबरें आ रही हैं। हिंसा में बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश राज्यों के उत्तर भारतीयों को निशाना बनाया जा रहा है। हिंसा के कारण कई उत्तर भारतीय राज्य छोड़कर जा रहे हैं। इस हिंसा का असर आरआरबी की भर्ती परीक्षाओं पर भी पड़ सकता है। उत्तर रेलवे सीपीओ अंगराज मोहन ने इडियन एक्सप्रेस से बातचीत में बताया, “गुजरात की स्थिति पर बोर्ड लगातार नजर बनाए हुए है और क्षेत्रिय केंद्रों को भी इस संबंध में जरूरी निर्देश दिए गए हैं। अभी तक हमें कुछ उम्मीदवारों से प्रतिनिधित्व मिले हैं और अगर उम्मीदवार परीक्षा में शामिल नहीं हो पाते हैं तो परीक्षाएं स्थगित की जाएंगी।” हिंसा के कारण बिहार और उत्तर प्रदेश के लगभग एक लाख प्रवासी कामगार राज्य छोड़कर भाग चुके हैं।
मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने सोमवार को शांति बनाए रखने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया की स्थिति अब काबू में है। सोमवार को राजकोट में उन्होंने कहा, “पुलिस के कड़े प्रयासों के बाद स्थिति अब काबू में है और बीते 48 घंटों में कोई वारदात नहीं हुई है। हम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। परेशानी की स्थिति में लोग पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। हम उन्हें सुरक्षा मुहैया कराएंगे।” पुलिस के मुताबिक 300 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। डीजीपी शिवानंद झा ने कहा, “हिंसा का असर 6 जिलों पर पड़ा है। सबसे ज्यादा खराब स्थिति साबरकंठा और मेहसाना की है। सभी जिलों में 42 केस दर्ज किए गए हैं और अभी तक 324 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। जैसे ही जांच में और आरोपियों के नाम सामने आएंगे तो और गिरफ्तारियां की जाएंगी।” हिंसा प्रभावित इलाकों में स्टेट रिजर्व पुलिस की 17 कंपनियां लगाई गई हैं।
RRB Group D में 62,907 पदों पर भर्ती होनी है। पदों पर भर्ती कम्प्यूटर आधारित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट के आधार पर की जाएगी। कम्प्यूटर आधारित परीक्षाएं अभी जारी हैं और यह 16 अक्टूबर तक चलेंगी। इसके बाद दूसरे चरण में कम्प्यूटर आधारित परीक्षाएं 22 से 26 अक्टूबर 2018 के बीच आयोजित होंगी। बता दें बीते महीने ALP/Technicians पदों के लिए होने वाली भर्ती परीक्षाओं को केरल में बाढ़ के कारण और ओडिशा में आदिवासी बंद के कारण स्थगित कर दिया गया था।
