पिलेट्स अभ्यास को योग के आसनों और श्वसन तकनीक के साथ मिलाने के लिए प्रयुक्त ‘योगालेट्स’ शब्द उन 1200 नये शब्दों में शामिल है, जिसे सोमवार (12 सितंबर) को ऑक्सफोर्ड के अंग्रेजी शब्दकोश के नवीनतम संस्करण में शामिल किया गया है। सितंबर में ब्रिटिश उपन्यासकार रोआल्ड डाल की 100वीं जयंती है और इस अवसर पर इस तिमाही के अपडेट में उनके लेखन से जुड़े कई शब्दों को शामिल किया गया है। इनमें ‘स्पलेंडिफेरस’, ‘ह्यूमेन बीन’, ‘उम्पा लूंपा’ और ‘डालेस्क’ जैसे शब्द शामिल हैं। इस बार ‘मूब्स’ शब्द को भी इसमें शामिल किया गया है। इस शब्द का इस्तेमाल पुरुषों के सीने पर के अतिरिक्त मांस के लिए किया जाता है।

इसके अलावा ‘जेंडर फ्लड’ जैसे शब्द को भी इस बार के अपडेट में शामिल किया गया है। यह शब्द वैसे लोगों के लिए इस्तेमाल किया जाता है जिनके लिंग में समय के साथ परिवर्तन होता है। शब्दकोश के नए संस्करण में ‘योलो’ और ‘क्लिक्टिविज्म’ शब्द भी जोड़े गये हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2000 से ऑक्सफोर्ड शब्दकोश में वर्ष में चार बार (मार्च, जून, सितंबर और दिसंबर में) नए शब्द जोड़े जाते हैं। ‘यू ओनली लिव वन्स’ के लिए पहली बार वर्ष 1996 में ‘योलो’ का प्रयोग किया गया था। यह शब्द छात्रों और युवाओं में काफी लोकप्रिय है, जिसका अभिप्राय है ‘आप केवल एक बार जन्म लेते हैं।’ वहीं ‘क्लिक्टिविज्म’ शब्द को ऑनलाइन माध्यमों से क्रांति फैलाने के प्रयास के तौर पर जोड़ा जाता है।