TikTok स्टार को शनिवार को केरल पुलिस ने रेप के एक मामले में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि विग्नेश कृष्णा एक नाबालिग से कई महीनों तक रेप करता रहा और गर्भवती होने के बाद पीड़िता ने पुलिस को इसकी सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और IPC की धारा 376 (रेप) के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने कहा कि विग्नेश कृष्णा की पीड़िता से मुलाकात सोशल मीडिया पर पिछले साल हुई थी। इसके बाद वह लगातार मिलने लगे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विग्नेश ने उससे शादी करने का वायदा किया था और उसे अपने घर ले गया था। इसके बाद विग्नेश ने अपने घर पर जबरदस्ती पीड़िता से रेप किया। पीड़िता प्रग्नेंट हो गई और उसने इसकी सूचना विग्नेश को दी।
पीड़िता ने परिजनों को आप बीती बताई, जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इस बात का पता चलने के बाद आरोपी भाग गया। इस बीच आरोपी ने पासपोर्ट के लिए अप्लाई कर दिया, जिसके बाद पुलिस को उसके देश से भागने की सूचना मिली। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए उसके परिवार को बताया कि उसका पासपोर्ट तैयार है। शनिवार को उसके पिता विग्नेश कृष्णा को पासपोर्ट की जानकारी देने त्रिशूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल गए।
पुलिस ने उसके पिता का पीछा किया और विग्नेश की लोकेशन का पता किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। चीनी ऐप टिक टॉक के भारत में बैन होने से पहले वह इस पर काफी लोकप्रिय था। इसके बाद उसकी मुलाकात पीड़िता से हुई थी।
दूसरी तरफ, गुजरात के अहमदाबाद से मानवता शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पिता अपनी बेटी का कई सालों तक रेप करता रहा। पीड़िता ने गर्भवती होने के बाद बच्चे को जन्म दिया और अपनी आप बीती परिजनों को सुनाई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि जब उसकी मां बाहर होती थी तो पिता ही उसका रेप किया करता था।