तमिलनाडु के तेनापालम के पास रसिपालयम में एक शख्स तीसरी शादी करने के लिए दुल्हन ढूंढ रहा था। इसकी खबर शख्स की दोनों पत्नियों को लगी तो उन्होंने उसे बीच सड़क पर पकड़ लिया और जमकर धुन डाला। बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों महिलाओं के परिजनों ने भी जमकर हाथ साफ किए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पति को पीटने के बाद दोनों महिलाओं ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2016 में की थी पहली शादी: सुलूर के नेहरू नगर में रहने वाला एस अरंगन उर्फ दिनेश रसिपालयम स्थित एक प्राइवेट कंपनी में पैटर्न बनाने का काम करता है। उसने 2016 में तिरुपुर जिले के गणपतालयम में रहने वाली प्रियदर्शिनी से शादी की थी। बताया जाता है कि वह अपनी पत्नी को प्रताड़ित करता था और उसके साथ मारपीट करता था। ऐसे में टॉर्चर से परेशान होकर प्रियदर्शिनी उसे छोड़कर अपने परिजनों के साथ रहने लगी।
2019 में रचाया दूसरा ब्याह: प्रियदर्शिनी के जाने के बाद दिनेश दूसरी दुल्हन ढूंढने लगा। उसकी पहचान करूर जिले के पशुपतिपालयम में रहने वाली अनुप्रिया (23) से हुई, जो तलाकशुदा थी और उसका 2 साल का बच्चा भी है। दिनेश ने 10 अप्रैल 2019 को अनुप्रिया से शादी कर ली और बाद में दहेज की मांग को लेकर उसे भी प्रताड़ित करने लगा। ऐसे में अनुप्रिया भी उसे छोड़कर चली गई।
https://twitter.com/madhavpramod1/status/1171655171853758470
तीसरी दुल्हन ढूंढी तो भड़कीं दोनों पत्नियां: बताया जा रहा है कि इसके बाद दिनेश मेट्रिमोनियल वेबसाइट्स पर तीसरी दुल्हन तलाशने लगा। प्रियदर्शिनी व अनुप्रिया को मामले की जानकारी हुई तो वे सोमवार को अपने परिजनों के साथ उस कंपनी में पहुंच गईं जहां दिनेश काम करता है। हालांकि, कंपनी के अधिकारियों ने उसे ऑफिस कैंपस से बाहर भेजने से इनकार कर दिया।
…और हुई पति की जमकर धुलाई: कंपनी के इस रवैये को देखते हुए दोनों महिलाएं प्रदर्शन करने लगीं। जब दिनेश कंपनी से बाहर निकला तो दोनों पत्नियों ने उसे पकड़ लिया और सैंडल से उसकी धुनाई कर डाली। दोनों महिलाओं के परिजनों ने भी उसे जमकर पीटा। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।