कुख्यात सोनू पंजाबन पर हमला हुआ है। सोनू पंजाबन पर बुधवार सुबह गोलियां चला दी गईं। यह दावा खुद सोनू पंजाबन ने किया है। सोनू ने बताया कि, जिस वक्त हमला हुआ, वह अपनी कार में थी। हमलावरों ने कार को ओवरटेक कर रोक लिया और गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उसने बताया कि उस पर चली तीन गोलियां उसके आस पास से निकल गईं। हालांकि पुलिस को पहली जांच में सोनू के दावे खोखले नजर आ रहे हैं।
दिल्ली के लक्ष्मी नगर की पुश्ता रोड़ पर बुधवार सुबह ही देह व्यापार का बड़ा नाम सोनू पंजाब पर गोलियां बरसाई गईं। हालांकि सोनू ने बताया कि घटना मंगलवार की देर रात 2.45 बजे की है। सोनू ने बताया कि हमले से कुछ देर पहले ही वह अपने कक्षा 9 में पढ़ने वाले लड़के को शकरपुर वाले घर पर छोड़ और अपने भाई को घर छोड़ने गीता कॉलोनी गई थी। जहां से लौटले वक्त कार सवार कुछ युवकों ने उसकी कार को ओवरटेक कर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उसने बताया कि दो गोलियां कार के सामने वाले शीशे को चीरते हुए उसकी ड्राइविंग सीट के पड़ोस में लगी। वहीं तीसरी गोली उसकी पड़ोस की सीट पर लगी।
जिसके बाद उसने पुलिस को हमले की सूचना दी। लेकिन घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस को सोनू के दावे पर शक है। पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि प्रथम दृष्टया सोनू का बयान हालात से मेल नहीं का रहा। अब पुलिस इस मामले पर आशंका जता रही है कि यह हमला कहीं किसी प्लानिंग के तहत तो नहीं किया गया। पुलिस ने बताया कि, गोली तो चली है। जिसके सबूत भी हैं। कार पर गोलियों के निशान हैं। पुलिस के अनुसार, हमले से कुछ देर पहले ही वह अपने कक्षा 9 में पढ़ने वाले लड़के और अपने भाई को घर छोड़ कहीं जा रही थी। पुलिस ने बताया कि, कई सवालों के जवाब अब जांच और पूछताछ के बाद ही मिल पाएंगे।
बता दें कि, सोनू पंजाबन उर्फ गीता अरोड़ा के खिलाफ अपहरण, रेप और जबरन देह व्यापार कराने जैसे कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। सोनू अभी अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर है। कुछ दिन बाद ही उसकी जमानत खत्म हो रही है। फिर उसे जेल वापस जाना है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सैक्स रैकेट चलाने के कई केस सोनू पंजाबन पर दर्ज हैं।

