ओडिशा पुलिस ने एक ढाबे मालिक के बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने 38 वर्षीय महिला डॉक्टर के साथ रेप किया है। शिकायत में पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने इस घटना को तब अंजाम दिया जब वह खाने का पार्सल पहुंचाने के लिए उसके घर आया था। ये खाने का ऑर्डर पीड़िता के भाई ने किया था और वह अक्सर इस ढाबे से खाना ऑर्डर करता था। ढाबे मालिक का बेटा ही खाने की डिलीवरी करने जाता है।
पुलिस ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया, ’35 वर्षीय आरोपी के पिता एक ढाबा चलाते हैं। लोगों के घरों तक खाना पहुंचाने की जिम्मेदारी मालिक के बेटे के पास ही थी। घटना वाले दिन भी आरोपी महिला के घर खाना पहुंचाने के लिए गया था। पीड़िता महिला इस दौरान घर पर अकेली थी। आरोपी ने इसी का फायदा उठाकर महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म किया। इसके अलावा आरोपी ने महिला को जान से मारने की भी धमकी दी।’
पीड़ित महिला इस घटना के बाद बहुत डर गई थी। पीड़िता ने हिम्मत करके इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस से की। पुलिस ने पीड़िता की तरफ से शिकायत मिलते ही तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और पीड़िता का मेडिकल भी कराया गया है।
शादी का झांसा देकर रेप: असम में शादी का झांसा देकर रेप करने की घटना सामने आई है। अस्पताल में काम करने वाले एक डॉक्टर ने महिला सहकर्मी के साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी महिला को शादी का झांसा देकर रेप कर रहा था। पीड़ित महिला ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह मेडिकल कॉलेज में भी डॉक्टर है। फिलहाल आरोपी से इस मामले में पूछताछ चल रही है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ रेप की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया, आरोपी डॉक्टर और महिला साल 2018 से रिलेशनशिप में हैं और उनके परिजन इस रिश्ते से बिल्कुल भी खुश नहीं थे।