राजस्थान के अलवर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 20 वर्षीय लड़की को अगवा कर उसके साथ कई बार रेप किया गया। आरोप है कि आरोपियों द्वारा पिछले दो साल में कई बार उसके साथ रेप किया गया था। पहली बार ये मामला अप्रैल 2019 में सामने आया था। पीड़िता ने इस मामले में स्थानीय पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी। लेकिन पुलिस ने पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया था।
इंडिया टुडे के मुताबिक, पुलिस की लापरवाही का फायदा उठाकर आरोपियों ने पीड़िता के साथ इस दौरान कई बार गैंगरेप किया। आरोपियों ने पीड़िता का एक वीडियो भी बना लिया था और वह वीडियो लीक करने के नाम पर उसे ब्लैकमेल भी करते थे। 25 जून 2021, आरोपी गौतम सैनी ने पीड़िता को एक वीडियो भेजा था और कहा था कि अगर वह चाहती है कि ये वीडियो उसके परिवार तक न पहुंचे तो उससे आकर मिले।
दो दिन बाद आरोपी ने यही वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया था। पीड़िता ने मालखेड़ा पुलिस स्टेशन में इस साल 28 जून को लिखित शिकायत दी थी जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। अब पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने बताया कि अप्रैल 2019 को 20 वर्षीय छात्रा अपने कॉलेज एग्जाम देने गई थी। यहां विकास और भूरू जाट ने उसे किडनैप कर लिया था। इसके बाद उसे वह किसी दूसरी जगह ले गए थे और तीन लोगों ने उसके साथ रेप किया था।
एसपी के ऑर्डर पर आरोपियों को किया गिरफ्तार: पीड़िता ने मामले की शिकायत दर्ज करने के लिए मई 2019 में मालखेड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दी थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। इससे आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए। इसके बाद वह लगातार दो साल तक पीड़िता के साथ रेप करते रहे। वह लोग पीड़िता का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने की धमकी भी दे रहे थे। इसके बाद एक युवक ने ये वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया जिसके बाद एसपी तेजस्वनी गौतम से मिलकर पीड़िता ने आप बीती बताई।