उत्तर प्रदेश के लखनऊ में दिल दहला देने वाला एक मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर पीड़िता से शादी की थी और बाद में पत्नी पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगा था। इसके अलावा आरोपी ने महिला की बेटी के साथ भी कथिततौर पर रेप किया। इस पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश तब हुआ जब पीड़िता ने इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस स्टेशन से की।

इंडिया टुडे के मुताबिक, 35 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि इमरान नाम के शख्स ने उससे झूठ बोलकर शादी की थी। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर का रहने वाला है। आरोपी ने महिला को बताया था कि उसका नाम संजय चौहान है। महिला का तलाक हो चुका था और उसके पास एक बेटी थी। शादी के कुछ समय बाद आरोपी ने महिला पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया था।

धर्म बदलने से किया इनकार तो बनाने लगा दबाव: पीड़ित महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा, ‘जब महिला ने धर्म परिवर्तन करने से इनकार कर दिया तो इमरान ने उसका उत्पीड़न करना शुरू कर दिया और नाबालिग बेटी के साथ भी रेप किया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और इस मामले में आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नकली पहचान पत्र समेत अन्य कई सबूत भी जब्त किए हैं।

घटना के बारे में डीसीपी नॉर्थ ज़ोन देवेश पांडे ने बताया, ‘पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसकी बेटी के साथ भी दुष्कर्म किया था। जांच के बाद, हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।’ एक ऐसा ही मामला हरियाणा से भी सामने आया था जहां शादी के सात साल बाद एक महिला ने आरोप लगाया था कि उसके पति ने झूठ बोलकर उससे शादी की थी। बाद में महिला को जब इस बारे में पता चला तो उसने स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी थी।