मेक्सिको में अंतरराष्ट्रीय धार्मिक संगठन ‘ला लुज डेल मुंडो’ के नेता को मानव तस्करी, बच्चों से दुष्कर्म एवं अन्य अपराधों के आरोप में कैलिफोर्निया में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि संगठन के प्रमुख नासोन जोअकिन गार्सिया और तीन सह प्रतिवादियों ने 2015 से 2018 में दक्षिणी कैलिफोर्निया में 26 अपराधों को कथित तौर पर अंजाम दिया। गार्सिया और उसकी सह प्रतिवादियों को नाबालिग लड़कियों को यौन कृत्यों में शामिल होने पर मजबूर करने के आरोप हैं। वे इन लड़कियों पर यह कह कर दबाव बनाते थे कि गार्सिया की मर्जी के खिलाफ जाना भगवान के खिलाफ जाने जैसा है। कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल जेवियर बेसेरा ने एक बयान में कहा, ‘‘इस शिकायत में बताए गए अपराधों का हमारे समाज में कोई स्थान नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे राज्य में यौन हिंसा एवं देह व्यापार के प्रति हमें आंखे नहीं मूंदनी चाहिए।’’ गार्सिया को उसके साथियों अलोंद्रा ओकंपो और सुसाना मेडिना ओक्साका के साथ गिरफ्तार किया गया वहीं मामले में अन्य प्रतिवादी अजेलिया रंगेल मेलंडेज के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।
गौरतलब है कि अमेरिका और मैक्सिको में मानव तस्करों ने हजारों लड़कियों की जिंदगी को नर्क से भी बदतर बना दिया है। इस देश का 2015 का कार्ला जैसिंटो नाम की लड़की की तस्करी का मामला लंबे समय तक सुर्खियों में रहा था। हालांकि बाद में कार्ला को मानव तस्करों से मुक्त करा लिया गया था। कार्ला के साथ तस्कर लगातार चार तक हर रोज 30 बार दुष्कर्म करते थे। अपनी आपबीती में कार्ला ने खुद बयां किया था कि उसके साथ करीब 43 हजार 200 बार रेप किया गयाथा।