बीते लंबे समय से दलितों और उनसे जुड़ी खबरें आए दिन सुर्खियों में रहती हैं। लेकिन उसके बाद भी संकीर्ण मानसिकता के लोग बदलने को तैयार नहीं हैं। रुढ़िवादी सोच के तले दबे लोगों से जुड़ा एक मामला दिल्ली से सटे गाजियाबाद में सामने आया है। यहां एक महिला को मंदिर में प्रवेश करने से रोक दिया गया। विरोध पर महिला के साथ बदसलूकी की गई। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मामला गाजियाबाद के सिहानी गेट इलाके का है। यहां के नूर नगर गांव में एक 50 साल की महिला शकुंतला देवी रोजाना स्थानीय मंदिर में जाती थी। बुधवार को भी महिला मंदिर जाने के लिए घर से निकली थी। लेकिन मंदिर पहुंचकर उन्हें दर्शन करने से रोक दिया गया। महिला के अनुसार, मंदिर में देवेंद्र नाम के एक व्यक्ति ने अंदर जाने से रोक दिया। उसने जाति और इलाके के बारे में पहुंचा।

महिला ने जब उस शख्स को खुद के दलित होने के बारे में बताया तो उसने मंदिर में प्रवेश करने से रोक दिया। इसके बाद शकुंतला देवी ने इस पर ऐतराज जताया तो वह बदसलूकी पर उतर आया। उसने अपशब्द भी कहे। इसके अलावा उसने कहा कि, तुम्हारा मंदिर दूसरा है यहां क्यों आती हो। इसके बाद भी वह महिला से बदसलूकी करता रहा।

इस घटना के बाद महिला ने परिवार सहित थाने में पहुंच शिकायत दर्ज कराई है। शकुंतला देवी की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले पर एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि, शिकायत के आधार पर जांच शुरू हो गई है। रिपोर्ट आते ही उचित कार्यवाई की जाएगी।