महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 12 साल की लड़की की हत्या के आरोप में पुलिस ने बुधवार को एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त अतुल जेंडे ने मीडिया को बताया कि सोमवार को शाम करीब चार बजे कल्याण शहर में अपने घर के बाहर खेल रही लड़की का एक अज्ञात शख्स ने कथित तौर पर अपहरण कर लिया।

उन्होंने आगे बताया आगे कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे भिवंडी के समीप बापगांव में एक कब्रिस्तान की दीवार के पास उसका शव बरामद हुआ। हत्या के कारणों की फिलहाल पुष्टि नहीं हो सकी है।

बस्ती में बर्बरता की हदें पार! लड़के को निर्वस्त्र कर पीटा, थूक कर चटवाया और चेहरे पर पेशाब.., आहत किशोर ने दी जान

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

परिजन द्वारा कई घंटों तक लड़की की तलाश करने के बाद सोमवार शाम को कल्याण के कोलसेवाड़ी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी और बाद में उन्होंने उसके शव की पहचान कर ली। शुरू में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137 (अपहरण) के तहत प्राथमिकी दर्ज की और लड़की का पता लगाने के लिए खोज शुरू की। जेंडे ने यह भी बताया कि अपराध की जांच के दौरान पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है और एक अन्य व्यक्ति की तलाश की जा रही है।

कोलसेवाड़ी पुलिस के वरिष्ठ निरीक्षक अशोक कदम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मंगलवार को शव मिलने के बाद मामले में बीएनएस की धारा 103 (1) (हत्या) जोड़ दी गई। कदम ने आगे कहा, ‘‘पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अगर दुष्कर्म की पुष्टि हुई तो प्राथमिकी में अन्य दंडात्मक धाराएं भी जोड़ी जाएंगी।’’ जेंडे ने कहा कि अन्य वांछित आरोपी की तलाश के लिए छह टीम गठित की गई हैं।

बिहार: पटना की बर्थडे पार्टी में 16 साल के लड़के की गोली मारकर हत्या, मचा हड़कंप