महाराष्ट्र के नांदेड़ से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां राज्य के एक नामी बिल्डर संजय बियानी को उनके घर के बाहर दिनदहाड़े गोली मार दी गई। घटना के बाद उन्हें गंभीर रूप से घायल होने की अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। वारदात के दौरान संजय बियानी घर के बाहर ही मौजूद थे। सीसीटीवी में कैद फुटेज में दिख रहा है कि कुछ नकाबपोश हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
संजय बियानी का पूरा नाम संजय बालप्रसाद बियानी है। संजय, महाराष्ट्र के नांदेड़ इलाके के नामी कारोबारी हैं। वह रियल स्टेट और कंस्ट्रक्शन के बिजनेस का बड़ा नाम थे। इसके अलावा संजय बियानी के संबंध प्रदेश के बड़े राजनेताओं से भी थे। संजय बियानी, कई प्रमुख परियोजनाओं के लिए जाने जाते थे जिनमें वर्तमान में राज रेजिडेंसी अपार्टमेंट और राज पार्क मुख्य हैं।
इस दुस्साहसिक घटना को संजय बियानी के घर के सामने ही अंजाम दिया गया। संजय जब अपने नांदेड़ के आवास से बाहर आकर गाड़ी के पास पहुंचे, तभी कुछ अज्ञात हमलावरों उन पर ताबड़तोड़ गोलयां चला दी। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि हमलावरों ने संजय बियानी को काफी नजदीक से गोली मारी है। यह अज्ञात हमलावर बाइक से आये थे और उन्होंने अपना चेहरा ढंककर रखा था।
नांदेड़ के आनंदनगर इलाके में घटी इसी घटना में संजय बियानी और उनके ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत में दोनों लोगों को अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज घातक चोटों के चलते संजय बियानी ने दम तोड़ दिया। इस पूरे मामले पर पुलिस ने कहा कि बिल्डर पर किया गया यह हमला सुनियोजित लग रहा है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस सीसीटीवी फुटेज तक पहुंचने की कोशिश कर रही है जिससे अपराधियों के बारे में जानकारी मिल सके।
पुलिस ने कहा कि हम आसपास के सभी सीसीटीवी फ़ुटेज को चेक कर रहे हैं, जिनमें हमलावरों के बारे में हमें जानकारी मिल सकती है। प्रथम दृष्टया पुलिस मान रही है कि अपराधियों ने देसी पिस्तौल का इस्तेमाल किया होगा जो नांदेड़ और आसपास के इलाकों में बदमाशों के लिए एक आम हथियार है। क्योंकि घटना की फुटेज में दिख रहे अपराधियों के तौर-तरीके नांदेड़ इलाके के कॉन्ट्रैक्ट किलर्स से मिलते-जुलते दिख रहे हैं।