मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मेडिकल कॉलेज में एक महिला जूनियर डॉक्टर के साथ छेड़छाड़ और लूटपाट के विरोध में डॉक्टरों ने काम ठप कर दिया। नाराज डॉक्टरों ने शनिवार को पूरे दिन प्रदर्शन किया और आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे राज्य में काम बंद कर देंगे। कहा जब तक छात्रावासों में सुरक्षा इंतजाम नहीं किया जाता है तब तक वे काम नहीं करेंगे।
भोर में कमरे में घुसा आरोपी: सरकारी हमीदिया अस्पताल से जुड़े गांधी मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में रह रही एक महिला जूनियर डॉक्टर के कमरे में भोर में एक युवक घुस आया। डॉक्टरों का आरोप है कि उसने जूनियर डॉक्टर से छेड़छाड़ की, उसके पैसे भी लूट लिए और जाने से पहले धमकी भी दी। इससे महिला डॉक्टर डर गईं और वह अब भी दहशत में हैं।
विरोध करने पर धमकी दी: मध्य प्रदेश जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सचेत सक्सेना ने पीटीआई-भाषा को बताया कि घटना शनिवार सुबह की है। उस वक्त महिला डॉक्टर सो रही थी। अचानक एक अज्ञात युवक खिड़की से अंदर प्रवेश किया और महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ करने लगा। उसने विरोध किया तो उसने धमकी दी। इतना ही नहीं आरोपी ने महिला चिकित्सक से लूटपाट भी की और उनके पैसे भी छीन लिए।
कार्रवाई नहीं होने से दहशत: डॉक्टरों का कहना है कि पहले भी ऐसी घटनाएं हुई हैं। महिला डॉक्टरों से कई बार सड़क पर छेड़छाड़ एवं अश्लील हरकत की गई। इसको लेकर कई बार विरोध प्रदर्शन किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। छात्रावास में कई बार चोरी भी हुई। इसकी भी शिकायत की गई लेकिन उस पर भी कोई एक्शन नहीं लिया गया। इससे डॉक्टर दहशत में रहते हैं।
