दिल्ली में जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) की छात्रा से रेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रा से एक कैब ड्राइवर ने गाड़ी के अंदर रेप किया और करीब तीन घंटे तक उसे दिल्ली की सड़कों पर घुमाता रहा। यह शर्मनाक घटना बीते शुक्रवार की बताई जा रही है। जेएनयू सेकंड इयर की छात्रा ने आरोप लगाया है कि नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ रेप किया गया है।
21 साल की इस युवती ने थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि उसने मंदिर मार्ग इलाके से कैब बुक किया था। युवती ने रात करीब 8 बजे यह कैब बुक किया था। रात 12 बजे कैब ड्राइवर उसे हौजखास के पास बने एक पार्क के पास फेंक कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि 2 अगस्त को उसके दोस्त का जन्मदिन था और वो जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए शाम को कनॉट प्लेस गई थी। वहीं से लौटते वक्त उसके साथ यह घटना हुई।
कैब ड्राइवर ने तीन घंटे तक उसके साथ दरिंदगी की। जानकारी के मुताबिक हौजखास के पास बने एक पार्क के नजदीक कैब ड्राइवर उसे फेंक कर फरार हुआ और लड़की रातभार बदहवास हालत में यहीं पड़ी रही। सुबह करीब 8 बजे लड़की को कुछ राहगीरों ने बदहवास हालत में देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि की है।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद लड़की अपने हॉस्टल पहुंची और उसने प्रबंधन को इस बारे में सबकुछ बताया। पीड़िता के मुताबिक कैब के ड्राइवर ने उसे कुछ खाने के लिए दिया था जिसे खाने के बाद वो बेहोश हो गई। इसके बाद उसने कैब में लड़की के साथ बलात्कार जैसी घिनौनी घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि यह लड़की उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और जेएनयू में फॉरेन लैंगवेज का कोर्स कर रही थी।
इधर इस मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस पूरी तत्परता से इसकी जांच में जुट गई है। पुलिस लड़की द्वारा बुक कराए गए कैब के बारे में विस्तृत जानकारी इकठ्ठा कर कैब ड्राइवर को पकड़ने की कोशिश में लगी है। (और…CRIME NEWS)
