रिश्तों में पड़ती दरार खाई में बदलती जा रही है। छोटी बात बड़ी वारदात का कारण कब बन जाए, कोई नहीं जानता। ऐसा ही कुछ हुआ मेरठ शहर में। यहां के एसएसपी आवास के पास कुछ दिन पहले एक महिला की लाश मिली थी। पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा दी है। इसके साथ ही पुलिस ने चौंका देने वाला खुलासा किया है। इस सच्चाई के सामने आने के बाद किसी को भरोसा नहीं हो रहा है।

पुलिस के किए खुलासे के अनुसार, महिला के पति बृजेश ने ही उसकी हत्या कराई थी। पति होमगार्ड का जवान है। वह बीते करीब सात महीने से अपनी पत्नी की हत्या की साजिश रच रहा था। इसके लिए उसने एक शूटर से सौदा किया था। यह सौदा 1 लाख रुपए में तय हुआ था। जिसकी 50 हजार रुपए की पहली किस्त पति ने दे दी थी। अब पुलिस शूटर को तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, महिला ने पति को कुछ दिनों पहले थप्पड़ मार दिया था। बच्चों के सामने पत्नी से मार खाने पर बृजेश आहत था। इसका वह बदला लेना चाह रहा था। जिसके लिए वह बीते 7 महीने से साजिश रच रहा था। पुलिस के सामने किए कबूलनामे के मुताबिक, बृजेश और उसकी पत्नी के बीच लड़की की शादी को लेकर विवाद हुआ था।

बृजेश ने बताया कि, वह अपनी लड़की की शादी गांव में करना चाह रहा था। लेकिन उसकी पत्नी शहर में बेटी का ब्याह चाहती थी। इसी पर पर विवाद होता रहता था। इस बात पर चली आ रही बहस इतनी बढ़ी कि पत्नी ने थप्पड़ मार दिया। इसी बात को बृजेश दिल में दबाए बैठा रहा और फिर उसने पत्नी को मारने की साचिश रच डाली। पत्नी की लाश मिलने के बाद पुलिस के सामने ही खूब ड्रामा किया था।