पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा में बीते दिनों हुए वीभत्स गैंगरेप के मामले में पुलिस ने अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है। त्रिपुरा वेस्ट के एसपी अजित प्रताप सिंह ने 24 सितंबर को हुई इस घटना पर कार्रवाई की जानकारी दी है। मेडिकल कॉलेज से लौट रही एक 32 वर्षीय महिला के साथ यहां बदमाशों ने चलती कार में रेप की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद उसे सड़क पर फेंककर भाग निकले। पीड़ित महिला की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। इस घटना ने 16 दिसंबर 2012 के दिन देश की राजधानी दिल्ली में हुए खौफनाक गैंगरेप की बुरी यादों को फिर से ताजा कर दिया।
बेटी से मिलकर लौट रही थी पीड़िताः प्राप्त जानकारी के मुताबिक त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में मेडिकल कॉलेज से छह साल की बीमार बेटी से मिलकर लौट रही महिला के साथ चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद आरोपियों ने उसे एक सड़क पर फेंक दिया। पुलिस ने गुरुवार (26 सितंबर) को बताया कि घटना मंगलवार (24 सितंबर) की रात की है। 32 वर्षीय पीड़िता से चलती कार में गैंगरेप कर आरोपियों ने उसे सर्किट हाउस के पास फेंक दिया, बाद में लोगों ने उसे जीबी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के सूत्रों ने बताया महिला की हालत गंभीर, लेकिन स्थिर बनी हुई है।
पूर्वी अगरतला महिला थाने की प्रभारी मुमताज हसीना ने शिकायत के हवाले से बताया कि मंगलवार करीब शाम साढ़े सात बजे पीड़िता घर जाने के लिए ऑटो रिक्शा में सवार हुई जिसके चालक को वह जानती थी। उन्होंने बताया कि जब ऑटो रिक्शा चालक ने वाहन को दूसरे रास्ते पर मोड़ा तो महिला ने विरोध किया लेकिन चालक और यात्रियों को लेने की बात कर दूसरे रास्ते पर चला गया।
https://youtu.be/nqR8h8Eafgs
हाथ-मुंह बांधकर कार में डालाः हसीना के मुताबिक रास्ते में चार लोग ऑटो रिक्शा में सवार हुए और महिला के हाथ और मुंह बांध दिया। बाद में उन्होंने उसे कार में डाला और करीब 15 किलोमीटर दूर नरसिंहगढ़ ले गए जहां चार और लोग इंतजार कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वे भी कार में सवार हुए और सभी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया तथा रात करीब साढ़े ग्यारह बजे सर्किट हाउस के पास पीड़िता को फेंक दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

