Naxali Attack: झारखंड के सरायकेला जिले में नक्सली हमले में दो एएसआई समेत पांच जवान शहीद हो गए। घटना सरायकेला-खरसावां के तिरुलडीह थाना क्षेत्र के कुकुडू साप्ताहिक हाट की है। सभी शहीद जवान साप्ताहिक हाट में कानून-व्यवस्था की समीक्षा करने गए थे। बताया जाता है कि शाम साढ़े छह बजे मोटरसाइकिल पर सवाल नक्सली वहां पहुंचे और हथियार के बल पर सभी पुलिसकर्मियों को कब्जे में ले लिया। उनकी गाड़ी को चारो ओर से घेर लिया। इसके बाद गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद नक्सली पुलिस जवानों का हथियार लेकर चलते बने। घटना के बाद पूरे बाजार में भगदड़ की स्थिति बन गई। लोग इधर-उधर भागने लगे।
झारखंड के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) एवं प्रवक्ता मुरारी लाल मीणा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि शाम को गश्त पर निकले पुलिस जवानों के दल को माओवादियों ने बंगाल की सीमा के निकट तिरुलडीह थाना क्षेत्र में जंगलों में चारों ओर से घेर लिया और अंधाधुंध गोलीबारी की जिससे गाड़ी में सवार दो सहायक पुलिस निरीक्षकों और तीन सिपाहियों की मौत हो गई जबकि वाहन चालक ने मौके से किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। उन्होंने बताया कि हमलावर नक्सली जवानों के हथियार भी लूटकर अपने साथ ले गए।
सूत्रों ने बताया कि माओवादी हमले में दो से तीन पुलिसकर्मी अभी लापता भी हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। मुठभेड़ स्थल पर बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को भेजा गया है। मीणा ने बताया कि शहीद सुरक्षार्किमयों की पहचान सहायक पुलिस निरीक्षक गोवर्धन पासवान और मनोधन हांसदा एवं सिपाही धनेश्वर पूर्ति, युधिष्ठिर मालुवा और डिब्रू पूर्ति के रूप में की गई है। इस बीच, मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हमले पर दुख प्रकट करते हुए कहा है कि जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में नक्सलवाद से सरकार कड़ाई से निपटेगी। (भाषा इनपुट के साथ)