गुरुग्राम के सोहना क्षेत्र में दो नाबालिग बेटियों के साथ एक पिता द्वारा यौन उत्पीडन करने का मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने ही पति पर आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपी उसकी गैरमौजूदगी में उसकी बेटियों का यौन शोषण करता था। इस संबंध में पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ जारी है।

बता दें कि आरोपी व्यक्ति एक श्रमिक के तौर पर काम करता है और जिस लड़की के शारीरिक शोषण के आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया है वह महिला की पहली शादी से जन्मी संतान है। पुलिस ने इस संबंध में  बताया कि इस मामले की जानकारी महिला पुलिस चौकी को पीड़ित लड़कियों की मां ने दी। महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसकी गैरमौजूदगी में आरोपी उसकी बेटी से दुष्कर्म करता था। महिला ने बताया कि बेटी का जन्म महिला की पहली शादी के बाद हुआ था हालांकि बाद में महिला ने दूसरी शादी कर ली।

महिला ने आरोप लगाया कि  आरोपी ने अपनी नौ साल की बच्ची का भी कई बार यौन उत्पीड़न किया है। गुड़गांव पुलिस के प्रवक्ता सुभाष बोकन ने मामले पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि  महिला का परिवार नेपाल से है। उसने 2003 में शादी की थी और जिसके बाद उसने एक बेटे और एक बेटी को जन्म दिया। उन्होंने बताया कि दोनों ही पीड़ित लड़कियों ने इस अपराध के बारे में अपनी मां को शुक्रवार को बताया था जिसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया। बोकन ने बताया, ‘‘ बातचीत के दौरान पीड़ित बालिकाओं ने बताया कि उनके पिता ने कई बार उनका यौन उत्पीड़न किया है और उन्हें इस बारे में किसी को नहीं बताने की चेतावनी भी दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम ने घटना के आरोपी  को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया और व्यक्ति ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।