ओडिशा के केन्द्रपाड़ा जिले के भीतरकणिका राष्ट्रीय पार्क के नजदीक कथित तौर पर एक मगरमच्छ ने 47 वर्षीय एक व्यक्ति को मार दिया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि रविवार को जब संजय कुमार प्रधान पत्तुमुंदई तहसील के तहत मन्दापाड़ा गांव में एक घाट पर नहा रहा था उसी समय एक मगरमच्छ ने उसे दबोच लिया। स्थानीय लोगों ने सोमवार को नदी से पीड़ित का क्षत-विक्षत शव बरामद किया। राजनगर मेंग्रोव (वन्यजीव) वन संभाग के संभागीय वन अधिकारी बिमल प्रसन्न आचार्य ने बताया कि यह घटना भीतरकणिका राष्ट्रीय पार्क क्षेत्र के बाहर हुई। पीड़ित व्यक्ति के परिवार वालों को मुआवजा सहायता भुगतान योजना के तहत राशि दी जाएगी।
इससे पहले साल 2019 मई के माह में भी जिम्बाब्वे से मगरमच्छ के हमले की खबर आई थी। मगरमच्छ के हमले में एक 27 साल की महिला जेनिली लेवू बुरी तरह से जख्मी हो गईं थी। इस महिला का एक हाथ मगरमच्छ खा गया था। बाद में महिला ने अस्पताल में अपना इलाज कराया। ठीक होने के बाद जेनिली लेवू ने अस्पताल में ही अपने मंगेतर जेमी फॉक्स से शादी रचाई थी। इस दुल्हन ने अपने ऊपर हुए मगरमच्छ के हमले के बारे में बतलाया था कि कुछ दिनों पहले वो अपने होने वाले पति जेमी फॉक्स के साथ विक्टोरिया झील के पास स्थित जाम्बेज़ी नदी के पास छुट्टियां मना रही थी। जहां पर वह मगरमच्छ के हमले की शिकार हो गई थीं।
बता दें कि साल 2015 में भी ओडिशा में 37 साल की सावित्री नाम की महिला पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया था। हालांकि उस दौरान महिला घबराई नहीं बल्कि जबरदस्त साहस दिखाते हुए मगरमच्छ पर हमला किया था। महिला का घर नदी के नदी के तट पर स्थित था। उसी दौरान वह नदी में घर के बर्तन साफ करने गई थी कि तभी अचानक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया।

