Share/Stock Market Crash Today: भारतीय शेयर बाजार में लगातार गिरावट का दौर जारी है। पिछले 5 कारोबारी दिनों के बाद आज छठे दिन भी लगातार बाजार लाल रंग के निशान पर है और निवेशकों में डर का माहौल बना हुआ है। आज यानी 12 फरवरी 2025 को सुबह बाजार एक बार फिर गिरावट के साथ खुला। दोनों प्रमुख सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और एनएसई निफ्टी (NSE Nifty) आज लाल रंग के निशान पर खुले। इससे पहले कल यानी 11 फरवरी 2025 को Sensex 1000 पॉइन्ट डाउन होकर बंद हुआ था।

विदेशी पूंजी की लगातार निकासी और व्यापार युद्ध की आशंकाओं के बीच बुधवार (12 फरवरी 2025) को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 274.56 अंक की गिरावट के साथ 76,019.04 अंक पर आ गया। एनएसई निफ्टी 78.45 अंक फिसलकर 22,993.35 अंक पर रहा।

शुरुआती सौदों के बाद दोनों में और गिरावट आई और निफ्टी 156.40 अंकों की गिरावट के साथ 23,000 अंक से नीचे 22,915.40 पर आ गया। सेंसेक्स भी 645.04 अंकों की गिरावट के साथ 76,000 अंक के स्तर से नीचे 75,668.97 पर आ गया। बीएसई सेंसेक्स में पिछले पांच सत्र में 2,290.21 अंक या 2.91 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि निफ्टी 667.45 अंक या 2.81 प्रतिशत लुढ़का है।

 आज क्यों है बैंक-ऑफिस में सरकारी छुट्टी? जानें राजधानी में क्या-क्या खुला और क्या बंद

Sensex पर इन शेयरों को नुकसान-फायदा

सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, जोमैटो, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक, एशियन पेंट्स, आईटीसी और अदाणी पोर्ट्स के शेयर में सबसे अधिक गिरावट आई। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर लाभ में रहे।

Bloodbath in Share Market: शेयर बाजार में क्यों मचा हाहाकार, Sensex 3 दिन में 2500 पॉइन्ट धड़ाम , Nifty आज 23070 पर

एशियाई बाजारों का हाल

एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहा जबकि जापान का निक्की, हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग तथा दक्षिण कोरिया का कॉस्पी फायदे में रहे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.74 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 4,486.41 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।