बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स गुरुवार को 352 अंक चढ़कर 32,949.21 अंक पर पहुंच गया। बैंक, वाहन और धातु कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी आई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 10,100 अंक के स्तर को पार कर गया। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स गुरुवार को पूरे दिन सकारात्मक रुख में रहा। इसने 32,992.21 अंक का उच्चस्तर भी छुआ। अंत में सेंसेक्स 352.03 अंक या 1.08 प्रतिशत के लाभ से 32,949.21 अंक पर बंद हुआ।

एक नवंबर के बाद सेंसेक्स में यह एक दिन की सबसे अधिक बढ़त है। उस दिन सेंसेक्स 387.14 अंक चढ़ा था। 30 नवंबर के बाद यह सेंसेक्स का सबसे ऊंचा बंद स्तर है। उस दिन सेंसेक्स 33,149.35 अंक पर बंद हुआ था। सेंसेक्स बुधवार को 205 अंक टूटा था। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा नीतिगत दरों में कटौती न करने और मुद्रास्फीति के अनुमान को बढ़ाने से बाजार में गिरावट आई थी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 122.60 अंक या 1.22 प्रतिशत के लाभ से 10,166.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 10,182.65 से 10,061.90 अंक के दायरे में रहा।

मालूम हो कि 25 मई के बाद निफ्टी में यह एक दिन की सबसे अधिक बढ़त है। उस दिन निफ्टी 149.20 अंक चढ़ा था। बता दें कि एशियाई बाजारों से सकारात्मक रुख के बीच निवेशकों की ओर से लिवाली के चलते गुरुवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में 149 अंक का सुधार देखा गया था। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक शुरुआती कारोबार में 149.05 अंक यानी 0.46 प्रतिशत सुधरकर 32,746.23 अंक पर पहुंच गया था।