शेयर बाजारों के लिए मंगलवार का दिन नए रिकॉर्ड वाला रहा। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही अपने अब तक के सबसे उच्च स्तर पर बंद हुए। इसकी अहम वजह बाजार में लिवाली समर्थन होना है। बंबई शेयर बाजार का 30 कंपनियों पर आधारित सेंसेक्स लगातार दूसरे दिन चढ़ा। यह 70.31 अंक यानी 0.21% सुधरकर 34,010.61 अंक के अब तक के उच्च स्तर पर बंद हुआ। इससे पहले शुक्रवार को यह 33,940.30 अंक के ऐतिहासिक उच्च स्तर पर बंद हुआ था। उस दिन इसमें 184.10 अंक का उछाल देखा गया।
इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 कंपनियों के शेयरों पर आधारित निफ्टी 38.50 अंक यानी 0.37% की बढ़त के साथ 10,531.50 अंक की रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ है। दिन में कारोबार के दौरान यह 10,545.45 अंक के उच्च स्तर तक गया था। शुक्रवार को यह 10,493 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था। निवेशकों का मिड-कैप और स्मॉल कैप में प्रमुख तौर पर रुख देखा गया।