पनामा की लॉ फर्म Mossack Fonseca के लीक हुए पेपर्स में दुनियाभर के कई हस्तियों के नाम हैं। पनामा पेपर्स के नाम के इस लीक के जरिए खुलासा हुआ है कि कई दिग्‍गजों ने टैक्‍स हेवन देशों में सीक्रेट फर्म खोली। इसके लिए उन्‍होंने Mossack Fonseca को हायर किया। इस लीक में 11 मिलियन पेपर उजागर हुए हैं। इनमें भारत, चीन, रूस, पाकिस्‍तान और अफ्रीका व दक्षिण अमेरिका के कई देशों के नेताओं, कारोबारियों, खिलाडि़यों के नाम हैं। इन दस्‍तावेजों में 500 भारतीय नाम भी हैं।
सतीश के मोदी
कंपनी का नाम: Challenge Soccer Ltd, Goldfinch Holding Group Ltd
देश: ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड

सतीश मोदी, मोदी ग्‍लोबल एंटरप्राइजेज के चेयरमैन और केके मोदी के छोटे भार्इ हैं। उन्‍होंने फरवरी 2010 में कंपनी बनाई। शुरुआत में वे शेयरहोल्‍डर थे लेकिन बाद में उन्‍हें डायरेक्‍टर बनाया गया। 2013 में उन्‍होंने इंग्‍लैंड में एक फुटबॉल क्‍लब भी बनाया। इस बारे में उनके सेक्रेटरी का जवाब आया कि वे कई सालों से एनआरआई हैं और इस समय विदेश में हैं।

जॉर्ज मैथ्‍यू
कंपनी का नाम: Soul Rhythm International Limited, Others
देश: ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड

तिरुवनंतपुरम के रहने वाले जॉर्ज मैथ्‍यू पेशे से सीए हैं। 12 साल पहले वे सिंगापुर चले गए। उन्‍होंने फ्यूचर बुक्‍स के नाम से कंपनी खोली। मोसेक फोंसेका के रिकॉर्ड के अनुसार 2011 के आसपास उनके नाम से ब्रिटिश वर्जिन आईलैंड में काफी कंपनियां खोली गई। इस बारे में उनका जवाब था वे एनआरआई हैं और आरबीआई के नियम उन पर लागू नहीं होते।

राहुल अरुण प्रसाद पटेल
कंपनी का नाम:Amarange Inc
देश: ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड

पटेल अहमदाबाद स्थित सिंटेक्‍स्‍ लिमिटेड के तीन मै‍नेजिंग डायरेक्‍टर्स में से एक हैं। मोसेक फोंसेका के दस्‍तावेजाें के अनुसार राहुल पटेल 2008 में रजिस्‍टर्ड हुई एक कंपनी के निदेशक थे। 2014 में यह कंपनी बंद हो गई। इस बारे में राहुल पटेल ने कहा कि उनकी काफी सारी कंपनियां विदेश में हैं। मुझे नहीं पता कि यह कंपनी अब हमारी है या नहीं।

प्रसन्‍ना वी घोटगे और वमन कुमार
कंपनी का नाम:Nordbell Commercial Ltd
देश: ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड

घोटगे का पीवीजी ग्रुप कर्नाटक के बेल्‍लारी में 3000 ट्रकों के जरिए लौह अयस्‍क के परिवहन करता था। वहीं वमन कुमार लौह अयस्‍क के विशेषज्ञ हैं। घोटगे, वमन कुमार और एक अन्‍य व्‍यक्ति पर सरकारी उपक्रम BEML से 30 करोड़ की धोखाधड़ी का अाराेप भी थे। 2013 में कर्नाटक हाईकोर्ट ने यह मामला रद्द कर दिया था। मोसेक फोंसेका के दस्‍तावेजों के अनुसार नॉर्डबेल कंपनी हांगकांग की है। इस बारे में प्रसन्‍न घोटगे और वमन कुमार से संपर्क नहीं हो पाया।

अशोक मल्‍होत्रा
कंपनी का नाम: E&P Onlookers Limited
देश: ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड

63 वर्षीय अशोक मल्‍होत्रा कैंसर से जूझ रहे हैं। उन्‍होंने बताया कि उनकी कंपनी केवल दो महीने के लिए रही। इसमें एक बिचौलिया भी शामिल था।

भंडारी अशोक रामदयालचंद
कंपनी का नाम:Ferryden International Limited
देश: ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड

मोसेक फोंसेका के दस्‍तावेजों के अनुसार अशोक एक कंपनी के डायरेक्‍टर थे। यह कंपनी 2005 में रजिस्‍टर हुई थी। इस बारे में जब उनसे संपर्क किया गया तो किसी महिला ने बताया कि वे इस बारे में बात नहीं करना चाहते।