Govt promoting bamboo plantation, boost farmers income:  केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए नए प्लान पर काम कर रही है। इसकी जानकारी केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने दी है।

नरेंद्र तोमर ने कहा है कि सरकार बांस की खेती को प्रोत्साहन दे रही है। इससे किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। तोमर ने कहा कि सरकार बांस क्षेत्र के विकास के लिए जांच-परख कर रही है। बांस की खेती किसानों की आय दोगुना करने के लिए एक महत्वपूर्ण फसल हो सकती है। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा विशेषरूप से पूर्वोत्तर के लोगों की में सुधार होगा।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा किसानी के क्षेत्र से कानूनी बंदिशें हटाने, 10 हजार नए एफपीओ बनाने और 1 लाख करोड़ रुपये के कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड जैसे ठोस उपायों के कारण निजी निवेश गांव-गांव और खेतों तक पहुंचेगा। इससे देश के 86 प्रतिशत छोटे व सीमांत किसानों को काफी लाभ मिलेगा।

कृषि कानून पर क्या कहा: इस दौरान नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि लोकतंत्र में कोई भी सरकार कभी ये हिमाकत नहीं कर सकती कि वो कोई ऐसा कानून बनाए, जो किसानों का नुकसान करने वाला हो। भारत सरकार ने कृषि सुधार कानून बनाए, जिनके माध्यम से किसान चाहे तो मंडी के बाहर भी, कहीं भी, किसी को भी मनचाही कीमत पर अपनी फसल बेच सकता है।

नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने किसानों को मंडी के बाहर उपज की खरीद-बिक्री पर किसी भी तरह के टैक्स से माफी दी, बिना टैक्स के कहीं भी उपज बेचने की अनुमति दी और कानूनी बंदिशों से आजादी दी, तो इसमें गलत क्या है।

उन्होंने कहा कि जो राज्य सरकारें टैक्स लगा रही है, उनके खिलाफ तो नहीं बोल रहे है, आंदोलनकारी भाई भी उन लोगों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं, जिन्होंने (भारत सरकार ने) किसानों की फसल पर टैक्स माफ कर दिया।