फ्रांस के राजदूत फ्रांसवा रिचीर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने संघ शासित प्रदेश प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों से भेंट की और स्मार्ट सिटी परियोजना तथा चंडीगढ़-दिल्ली के बीच तेज गति संपर्क मुहैया कराने सहित अन्य क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा किया।
प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा और पंजाब के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी से भेंट की और चंडीगढ़ के प्रशासक के सलाहकार विजय कुमार देव तथा शहर के अन्य शीर्ष अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।
यहां आज शाम देव के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में रिचीर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस वर्ष अप्रैल में हुई फ्रांस यात्रा का फॉलोअप था यह चंडीगढ़ दौरा। फ्रांस दौरे पर भारतीय और फ्रांसिसी पक्षों के बीच चंडीगढ़ के संबंध में विभिन्न सहयोगों पर बातचीत हुई थी।
रिचीर ने कहा, ‘‘भारतीय प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान, दोनों देशों ने कई क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की थी, जिनमें चंडीगढ़ से जुड़े दो क्षेत्र प्रत्यक्ष रूप से शामिल थे… रेलवे और स्मार्ट सिटी परियोजना।’राजदूत ने कहा कि फ्रांस और चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों ने विरासत संरक्षण और पुरातत्व जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर भी चर्चा किया।