नई दिल्ली। देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा घरेलु बाजार में अपने वाहनों के रेंज को तेजी से अपडेट करने की योजना बना रहा है। हाल ही में देश की सड़क पर नई Mahindra Scorpio को टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किया गया है। अब कंपनी इस साल अपनी 4 एसयूवी को अपडेट कर बाजार में उतारने जा रहा है। आइये जानते हैं उन गाड़ियों के बारे में —
1. Mahindra Thar: महिंद्रा की ऑफरोडिंग एसयूवी थार के नए अवतार को कंपनी बहुत जल्द ही बाजार में लाने वाली है। इस एसयूवी को टेस्टिंग के दौरान स्पॉट भी किया गया है। नई थार मौजूदा मॉडल से ज्यादा बोल्ड और आकर्षक होगी। इसके अलावा कंपनी इसे Gen3 प्लेटफॉर्म पर तैयार कर रही है। इसे कंपनी और भी बेहतर ऑफरोडर के तौर पर पेश करेगी।
2. Mahindra Scorpio: महिंद्रा स्कॉर्पियो के नए जेनरेशन पर भी कंपनी काम कर रही है। नई स्कॉर्पियो पिछले मॉडल से ज्यादा लंबी और चौड़ी होगी। इसके अलावा इसमें नया बीएस 6 इंजन का भी प्रयोग किया जाएगा। आकार में बड़ी होने के बावजूद इसका वजन मौजूदा मॉडल के मुकाबले 80 किलोग्राम तक कम होगा। इसमें कंपनी नया 2.0 लीटर की क्षमता का इंजन प्रयोग कर सकती है जो कि 160 बीएचपी तक की पावर देगा। मौजूदा मॉडल महज 140 बीएचपी की पावर देता है।
3. Mahindra XUV300 Electric: महिंद्रा ने हाल ही में भारतीय बाजार में अपनी नई XUV300 को पेश किया था। बहुत ही कम समय में इस एसयूवी ने खासी लोकप्रियता हासिल कर ली है। अब कंपनी इसके इलेक्ट्रिक संस्करण को बाजार में लाने वाली है। ग्लोबल स्तर पर इस मॉडल को S210 के नाम से जाना जाता है। इसे टेस्टिंग के दौरान स्पॉट भी किया गया है। जानकारी के अनुसार ये दो वैरिएंट में उपलब्ध होगी, इसका एक वैरिएंट 200 किलोमीटर का रेंज देगा और दूसरा वैरिएंट 400 किलोमीटर का रेंज देगा।
4. Mahindra XUV500: महिंद्रा के एक्सयूवी रेंज की पहली मॉडल XUV500 के नए जेनरेशन को भी बाजार में लाने की तैयारी हो रही है। इसमें भी कंपनी 2.0 लीटर की क्षमता का नया बीएस6 मानक वाला इंजन प्रयोग करेगी। जो ज्यादा पॉवर जेनरेट करेगा। जानकारों का मानना है कि ये इंजन 180 बीएचपी का पावर जेनरेट करेगी। यानी कि नई XUV500 मौजूदा मॉडल से ज्यादा पॉवरफुल होगी।