Honda CB Shine BS-6: जापानी वाहन निर्माता कंपनी Honda ने हाल ही में भारतीय बाजार में अपने पहले BS6 मॉडल के तौर पर Activa 125 को लांच किया था। अब कंपनी अपने दूसरे वाहन Honda CB Shine 125 को भी अपडेट कर बाजार में उतारने जा रही है। इंटरनेट पर लीक हुए एक दस्तावेज में इस बात का खुलासा हुआ है कि CB Shine कंपनी की अगली BS6 मॉडल होगी।
एक लीक्ड डॉक्यूमेंट के द्वारा मिली जानकारी के अनुसार नई Honda CB Shine 125 का बीएस6 वैरिएंट में प्रयोग होने वाला इंजन 10.73 BHP की पावर जेनरेट करेगा। हालांकि इस बारे में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। ऐसा माना जा रहा है कि ये नया मॉडल मौजूदा मॉडल से आकार में बड़ा होगा।
जानकारी के अनुसार नए मॉडल की लंबाई 2020mm होगी जो कि मौजूदा मॉडल से 8mm लंबी होगी। इसकी चौड़ाई 785mm और उंचाई 1103mm होगी। इसके इंजन में कंपनी कोई बदलाव नहीं कर रही है। इसमें पहले की तरह 124.6cc की क्षमता का इंजन प्रयोग किया गया है, जिसमें 5 स्पीड गियरबॉक्स को शामिल किया गया है। कंपनी इसे 3 अलग अलग वैरिएंट में पेश करेगी।
इसका सस्पेंशन भी मौजूदा मॉडल जैसे ही होगा इसके फ्रंट में टेलीस्कोपिक फॉर्क और पिछले हिस्से में ट्विन शॉक ऑब्जर्वर सस्पेंशन का इस्तेमाल किया गया है। ये बाइक ड्रम ब्रेक और डिस्क ब्रेक दोनों विकल्प के साथ बाजार में उपलब्ध होगी। नए फीचर्स और तकनीक के बाद इसकी कीमत तकरीबन 7 हजार रुपये तक बढ़ सकती है। मौजूदा Honda CB Shine की कीमत 63,857 रुपये से लेकर 69,497 रुपये तक है।