Share Market: मार्केट खुलते ही सेंसेक्स में करीब 1,000 पॉइंट से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली थी। मार्केट खुलने के बाद सेंसेक्स 1,200 अंक से ज्यादा गिर गया था। शेयर मार्केट बंद होते होते सेंसेक्स और निफ्टी में काफी सुधार देखने को मिला। सेंसेक्स 561.22 (1.61%) पॉइंट की गिरावट के साथ 34,195.94 अंक पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 168.30 (1.58%) अंकों की गिरावट के साथ 10,498.25 अंक पर बंद हुआ।

आपको बता दें कि 5 फरवरी 2018 को सेंसेक्स 450 अंकों की गिरावट के साथ 34,616 के स्तर पर खुला था। वहीं शुरुआती कारोबार में ही निफ्टी 10,600 के नीचे पहुंच गया था। सोमवार को सेंसेक्स 310 अंकों की गिरावट के साथ 34,757.16 पर बंद हुआ था, और निफ्टी 94.05 अंक गिरकर 10,666.55 पर बंद हुआ था। शेयर बाजार में लगातार जारी गिरावट को लेकर वित्त सचिव हसमुख अधिया ने सफाई दी थी और कहा था कि यह दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ (एलटीसीजी) कर लगाने के कारण नहीं है बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई गिरावट के चलते है। अधिया ने कहा कि सरकार ने 10 प्रतिशत की “रियायती दर” से यह कर लगाया है।

सेंसेक्स में आज (6 फरवरी) करीब पौने तीन बजे थोड़ा सुधार देखा गया था। सेंसेक्स 394 अंको की गिरावट के साथ 34,362 अंकों पर और निफ्टी 124 अंको की गिरावट के साथ 10,545 पॉइंट पर था। वहीं दोपहर 12 बजे तक इसमें खास सुधार देखने को नहीं मिला था। सेंसेक्स 1,000 से ज्यादा पॉइंट नीचे था। वहीं 300 अंकों से ज्यादा निफ्टी में भी गिरावट दर्ज की गई थी। अमेरिकी मार्केट में गिरावट का असर भारत में भी देखने को मिला है। आम बजट आने के बाद से शेयर बाजार में लगातार गिरावट देखी जा रही है। सेसेक्स कारोबारी सप्ताह के दूसरे दिन करीब  33,760 पॉइंट पर खुला। वहीं निफ्टी में भी अच्छी खासी गिरावट देखने को मिली है। निफ्टी भी मार्केट खुलते ही करीब 300 पाइंट नीचे चला गया। निफ्टी शेयर मार्केट खुलते 10,360 अंक पर पहुंच गया।

1 फरवरी को वित्त मंत्री अरुण जेटली द्वारा बजट भाषण दिया जा रहा था उस वक्त भी शेयर बाजार टूट गया था। सेंसेक्स में 450 अंकों की बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन टैक्स लगाने की घोषणा के साथ ही सेंसेक्स अपने ऊपरी स्तर से काफी नीचे चला गया था। निफ्टी में भी 100 अंकों की बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। पीएसयू बैंक इंडेक्स, मेटल और फार्मा इंडेक्स में सबसे ज्यादा गिरावट थी। पीएसयू बैंक इंडेक्स 0.87 फीसदी और मेटल और फार्मा इंडेक्स में 1.24 फीसदी की गिरावट देखी गई थी।