स्मृति ईरानी उर्फ स्मृति जुबिन ईरानी भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) की नेता हैं। उन्होंने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के गढ़ अमेठी से जीत दर्ज की। वह मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री के रूप में काम कर रही हैं। वह राज्यसभा की सदस्य भी रह चुकी हैं।
स्मृति ईरानी का जन्म 23 मार्च, 1976 को महाराष्ट्र राज्य के मुंबई शहर में हुआ। सियासत में आने से पहले स्मृति ईरानी एक मीडिया प्रोफेशनल थीं। इसके बाद उन्होंने छोटे पर्दे की दुनिया में हाथ आजमाया और यहां उन्हें जबरदस्त कामयाबी मिली। बीजेपी की तरफ से राज्यसभा भेजे जाने से पहले उन्होंने संगठन में कई पदों पर काम किया। वह बीजेपी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष, महाराष्ट्र यूथ विंग की उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय सचिव (दो बार), राष्ट्रीय कार्यकारिणी के 5 टर्म सदस्य, महाराष्ट्र राज्य सचिव और महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुकी हैं।