हिंदू धर्म में सप्ताह का प्रत्येक दिन किसी न किसी देवता को समर्पित होता है। गुरुवार का दिन देवगुरु बृहस्पति और भगवान विष्णु को समर्पित माना गया है। इस दिन भगवान विष्णु की विशेष रूप से पूजा की जाती है ताकि जीवन में सुख, समृद्धि और वैवाहिक सुख प्राप्त हो सके।
हालांकि, इस दिन कुछ विशेष नियमों का पालन करना आवश्यक होता है, जिनमें खान-पान से जुड़ी सावधानियां भी शामिल हैं। ऐसा माना जाता है कि इन नियमों का उल्लंघन करने से भगवान विष्णु की कृपा रुक सकती है। चलिए आपको बताते हैं कि गुरुवार को किन चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए?
गुरुवार को केले का सेवन नहीं करना चाहिए। धार्मिक मान्यता के अनुसार केले के वृक्ष में देवगुरु बृहस्पति और भगवान विष्णु का वास होता है। इस दिन केले के पेड़ की पूजा करना शुभ माना जाता है, लेकिन उसका फल खाना निषेध है। जो व्यक्ति व्रत रखते हैं या पूजा करते हैं, उन्हें इस दिन केला नहीं खाना चाहिए।
गुरुवार को खिचड़ी का सेवन भी अशुभ माना जाता है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, इस दिन खिचड़ी खाने से घर की आर्थिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इससे दरिद्रता और धन की हानि की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही, यह ग्रहों की स्थिति को भी प्रभावित कर सकता है।
भगवान विष्णु की पूजा करें - सुबह सूर्योदय से पहले स्नान करके भगवान श्रीहरि विष्णु के समक्ष देसी घी का दीपक जलाएं और विधिपूर्वक पूजा करें।
गुरुवार को पीले वस्त्र, पीला फल, पीली मिठाई, हल्दी, केसर या पीला चंदन दान करना अत्यंत शुभ माना जाता है। इससे जीवन में सुख-शांति आती है और लक्ष्मी कृपा बनी रहती है।
इस दिन केले के वृक्ष की जड़ में जल अर्पित करें और उसकी पूजा करें। ऐसा करने से गुरु दोष दूर होता है और वैवाहिक जीवन में सकारात्मकता आती है।
गुरुवार को गुरु के 108 नामों का जाप करने से विवाह में आ रही बाधाएं दूर होती हैं और योग्य जीवनसाथी की प्राप्ति होती है।