May 06, 2025

आम के साथ भूलकर भी न खाएं ये 7 चीजें, स्वाद के चक्कर में सेहत हो सकती है खराब

Archana Keshri

गर्मियों के मौसम में फलों के राजा आम की डिमांड सबसे ज्यादा होती है। इसका मीठा स्वाद, रस और एनर्जी देने वाला गुण इसे हर उम्र के लोगों का फेवरेट बना देता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आम को कुछ चीजों के साथ खाने से सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है?

आयुर्वेद के अनुसार, आम एक गर्म प्रकृति का फल है और कुछ चीजों के साथ इसका सेवन करने से पाचन तंत्र गड़बड़ा सकता है। आइए जानते हैं किन 7 चीजों के साथ आम नहीं खाना चाहिए।

खीरे के साथ आम खाने से बचें

खीरा ठंडा और आम गर्म तासीर वाला होता है। दोनों का साथ पाचन पर विपरीत असर डाल सकता है। यह शरीर में विषैले तत्व (toxins) बढ़ा सकता है और अपच या गैस की परेशानी हो सकती है। इन दोनों को खाने के बीच कम से कम 1 घंटे का अंतर जरूर रखें।

करेले के साथ आम का सेवन न करें

करेला औषधीय गुणों से भरपूर है लेकिन इसकी कड़वाहट और आम की मिठास का मिश्रण शरीर में असंतुलन ला सकता है। इससे एसिडिटी और पेट संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। करेले को आम खाने के 1-2 घंटे बाद ही खाएं।

कोल्ड ड्रिंक्स या सोडा के साथ आम न लें

आम के तुरंत बाद कोल्ड ड्रिंक या सोडा पीने से शरीर में शुगर और एसिड का स्तर असंतुलित हो सकता है। इससे ब्लोटिंग, गैस, और पाचन की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। अगर आम खाने के बाद कुछ पीना ही हो तो नींबू पानी या हर्बल टी जैसे प्राकृतिक विकल्प चुनें।

दही के साथ आम का सेवन न करें

आम और दही की प्रकृति एक-दूसरे के विपरीत होती है। दही ठंडी तासीर वाला होता है जबकि आम गर्म होता है। इन दोनों का कॉम्बिनेशन पेट में गैस, एसिडिटी और अपच की समस्या पैदा कर सकता है। अगर लस्सी पसंद है तो उसमें हल्दी, इलायची या सौंठ जैसे पाचन सुधारक तत्व जरूर मिलाएं।

दूध और आम का मेल भी हो सकता है नुकसानदायक

मैंगो शेक भले ही स्वाद में लाजवाब लगे, लेकिन दूध और आम को एक साथ लेना हमेशा सही नहीं होता। इससे स्किन एलर्जी, पाचन समस्या और शरीर में गर्मी का असंतुलन हो सकता है। पचाने के लिए मैंगो शेक में एक चुटकी इलायची पाउडर मिलाना फायदेमंद हो सकता है।

तीखी और मसालेदार चीजें खाने से करें परहेज

आम खाने के तुरंत बाद तीखा या मसालेदार भोजन करने से पाचन पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। आम की मिठास और मसालों की तीव्रता मिलकर पेट में जलन, गैस और एसिडिटी बढ़ा सकती है। इसलिए आम खाने के कम से कम 30 से 45 मिनट बाद ही तीखा खाना खाएं।

आम खाने के बाद पानी न पिएं

आम खाने के तुरंत बाद पानी पीने से पेट में दर्द, सूजन और एसिडिटी की समस्या हो सकती है। आयुर्वेद के अनुसार, आम का सेवन करने के कम से कम आधे घंटे बाद पानी पीना चाहिए। अगर आप आम खाने के तुरंत बाद पानी पीते हैं, तो पाचन तंत्र पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।

गर्मी में नारियल पानी पीना ज्यादा फायदेमंद होता है या गन्ने का जूस? जानिए