महाकुंभ जैसे धार्मिक और आध्यात्मिक मेले में जहां लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान, पूजा-पाठ और साधु-संतों के दर्शन के लिए आते हैं, वहां एक साधारण सी माला बेचने वाली लड़की अचानक से सुर्खियों में आ गई। यह लड़की है मोनालिसा, जो मध्य प्रदेश के महेश्वर की रहने वाली है।

माला बेचते हुए उनकी तस्वीरें वायरल हुईं और देखते ही देखते वह ग्लोबल फेम का हिस्सा बन गईं। मोनालिसा, जिन्हें प्यार से 'मोनि' भी कहा जाता है, मध्य प्रदेश के महेश्वर की रहने वाली हैं। मोनालिसा का परिवार 'पारधी' समुदाय से ताल्लुक रखता है, जो ऐतिहासिक रूप से राजस्थान के राजपूतों से जुड़े रहे हैं।

महेश्वर में पारधी समुदाय के करीब 50 परिवार रहते हैं, जिनकी कुल आबादी लगभग 450 है। इस समुदाय की लड़कियां अक्सर स्वतंत्र और खुले विचारों वाली होती हैं और सभी को 'मामा' कहकर संबोधित करती हैं। उनके जीवन में पारिवारिक संबंध मजबूत होते हैं, और शादी भी समुदाय के भीतर होती है।

पारधी समुदाय का इतिहास विविधताओं और संघर्षों से भरा हुआ है। पहले यह समुदाय अपने शिकार और गुरिल्ला युद्ध कौशल के लिए जाना जाता था। हालांकि, समय के साथ इनकी लाइफस्टाइल बदली और इन्हें मुख्यधारा के समाज में शामिल किया गया।

पहले यह समुदाय तंबुओं में रहता था, लेकिन नगर पंचायत अध्यक्ष पार्वती रमेश कुमरावत ने इन्हें स्थायी भूमि और पट्टे मुहैया कराए। पिछले कुछ दशकों में, पारधी समुदाय के लोग स्थायी रूप से बस गए हैं और छोटे व्यवसाय जैसे माला और रुद्राक्ष बेचने का काम करते हैं।

प्रयागराज महाकुंभ में मोनालिसा भी माला बेचने के लिए आई थीं। पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी मोनालिसा की तस्वीरें फोटोग्राफर्स के कैमरे में कैद हो गईं। उनकी खूबसूरती और सहजता ने लाखों लोगों का ध्यान खींचा और वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।

इसके बाद मोनालिसा का नाम न केवल भारत में, बल्कि दुनियाभर में चर्चा का विषय बन गया। मोनालिसा की बढ़ती लोकप्रियता ने फिल्म इंडस्ट्री का भी ध्यान खींचा। फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने अपनी आने वाली फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' में मोनालिसा को लीड एक्ट्रेस के रूप में काम करने का ऑफर दिया है।

इस फिल्म में मोनालिसा एक रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर की बेटी की भूमिका निभाएंगी। फिल्म की शूटिंग पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न स्थानों पर अप्रैल से जून के बीच होगी और इसे अक्टूबर या नवंबर में रिलीज किया जाएगा। इससे पहले, मोनालिसा को तीन महीने तक मुंबई में अभिनय की ट्रेनिंग दी जाएगी।

प्रसिद्धि के साथ नई चुनौतियां भी आईं। महाकुंभ में फैंस द्वारा परेशान किए जाने के बाद, मोनालिसा अपने पिता के साथ अपने घर महेश्वर लौट आईं। हालांकि, फिल्म के लिए उन्हें अब बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है। फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा और उनकी टीम ने महेश्वर जाकर मोनालिसा और उनके परिवार से मिलने का फैसला किया है।