रांची टेस्ट में भारत ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
इंग्लैंड ने दूसरी पारी में भारत को 192 का लक्ष्य दिया था। भारत को जीत दिलाने में रोहित के बाद गिल और जुरेल का अहम योगदान रहा।
चौथी पारी में शुभमन गिल ने 124 गेंद में नाबाद 52 रन की पारी खेली। गिल इस पारी के साथ ही एक खास लिस्ट में शामिल हो गए।
दरअसल, गिल एक टेस्ट की चौथी पारी में सफल चेज के दौरान एक से ज्यादा फिफ्टी लगाने वाले संयुक्त रूप से चौथे बल्लेबाज बन गए।
गिल के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर अजीत वाडेकर, सुनील गावस्कर और सौरव गांगुली हैं। सभी के नाम 2 अर्धशतक हैं।
गिल से पहले इस सूची में राहुल द्रविड़, चेतेश्वर पुजारा और वीरेंद्र सहवाग संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। इनके नाम 3 अर्धशतक हैं।
वीवीएस लक्ष्मण इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने एक टेस्ट की चौथी पारी में सफल चेज के दौरान 4 फिफ्टी लगाई।
इस लिस्ट में टॉप पर सचिन तेंदुलकर हैं जिन्होंने सबसे अधिक 5 हाफ सेंचुरी लगाई हैं।
रांची टेस्ट की चौथी पारी में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 81 गेंद में 55 रन की पारी खेली थी।
भारत और इंग्लैंड के बीच अब सीरीज का पांचवां और आखिरी टेस्ट 7 मार्च से धर्मशाला में खेला जाएगा।