Ram Mandir: अयोध्या में 7 दिनों तक होगा कार्यक्रम, जानिए किस दिन होगा क्या

Jan 06, 2024 Archana Keshri

(Photo: PTI)

पूरे देश को 22 जनवरी 2024 का इंतजार है। इस दिन रामलला की प्राण प्रतिष्ठा नए मंदिर में होगी। प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम कुल 7 दिनों तक चलेगा, जिसकी शुरुआत 16 जनवरी से होगी। मकर संक्रांति के दिन 15 जनवरी को सभी तैयारियां को परखा जाएगा। चलिए आपको बताते हैं 7 दिन तक चलने वाले प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान में किस दिन क्या होगा।

16 जनवरी को मंदिर ट्रस्ट की ओर से नियुक्त यजमान द्वारा सरयू नदी के तट पर दशविध स्नान, विष्णु पूजन और गोदान किया जाएगा। इसके साथ ही उन लोगों को भी श्रद्धांजलि दी जाएगी जिन्होंने इस मंदिर के आंदोलन के दौरान अपना बलिदान दिया था।

17 जनवरी को अयोध्या कलश यात्रा के साथ नवनिर्मित रामलला की मूर्ति को नगर भ्रमण कराया जाएगा। नगर भ्रमण के बाद प्राण प्रतिष्ठित होने वाली इस मूर्ति को मंदिर में ले जाया जाएगा।

18 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का विधि विधान से शुभारंभ हो जाएगा। मंडप प्रवेश पूजन, वास्तु पूजन, वरुण पूजन, गणेश पूजन और मार्तिका पूजन आदि से विधिवत अनुष्ठान आरम्भ किया जाएगा।

19 जनवरी को राम मंदिर में अग्नि स्थापना, नवग्रह स्थापना और हवन किया जाएगा।

20 जनवरी को मंदिर के गर्भगृह को सरयू के पवित्र जल से धोने के बाद वास्तु शांति अनुष्ठान और राम लला की मूर्ति का अन्नाधिवास होगा।

21 जनवरी को यज्ञ विधि में विशेष पूजन और हवन के बीच राम लला को 125 कलशों से दिव्य स्नान कराया जाएगा। इसके बाद राम लला की मूर्ति का शय्याधिवास किया जाएगा।

22 जनवरी को भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी जिसमें पीएम मोदी भी शामिल होंगे। उस दिन मध्यकाल में यानी लगभग 12:30 बजे मृगशिरा नक्षत्र में प्राण प्रतिष्ठा की महापूजा की जाएगी।