मई का महीना खत्म होने के कगार पर है और ज्येष्ठ के महीने की शुरुआत हो चुकी है। इसी के साथ गर्मी भी अपने भयंकर स्तर पर पहुंच रही है। बढ़ते तामपान के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है।
राजधानी दिल्ली के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 48 डिग्री तक पहुंच गया है। यहां ज्यादातर जगहों पर भीषण लू की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी कुछ दिनों तक दिल्ली का तापमान ऐसा ही रहेगा।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में एक ऐसी जगह भी है जहां का पारा 50 डिग्री सेल्सियत तक पहुंच गया है। इस जगह का नाम है फलोदी। बता दें, फलोदी राजस्थान का एक जिला है जो इन दिनों अपनी प्रचंड गर्मी के कारण सुर्खियों में बना हुआ है।
मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, राजस्थान के फलोदी में दिन का अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 70 हजार की आबादी वाले इस शहर में गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।
बता दें, फलोदी शहर को पहले फलवर्धिका के नाम से जाना जाता था। विक्रम संवत 1515 में सिद्धुजी कल्ला ने ब्रह्माणी माता, जिन्हें फलवर्धनिका माता के नाम से भी जाना जाता है, के नाम पर इस स्थान की स्थापना की थी।
हालांकि बाद में सिद्धुजी कल्ला ने अपनी विधवा बेटी फला के अनुरोध पर इस स्थान का नाम 'फलोदी' कर दिया। फलोदी को 'नमक नगरी' के नाम से भी जाना जाता है।
दरअसल, यहां रिण में नमक का उद्योग है, जिसके कारण इसे ये नाम दिया गया है। फलोदी थार रेगिस्तान के बफर जोन बसा हुआ है। शुष्क जलवायु के कारण यहां का तापमान अक्सर अधिक रहता है।
बता दें, जिस जगह प्रति वर्ष 25.4 सेमी से कम वर्षा होती है उस शुष्क जलवायु कहा जाता है। वहीं, फलोदी में मार्च से अक्टूबर तक का तापमान बेहद ही गर्म रहता है। हालांकि मानसून के दौरान यहां लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलती है।