Nayab Saini: हरियाणा के नए CM नायब सिंह का जिला महामंत्री से मुख्यमंत्री तक का सफर

हरियाणा के सियासत में इस वक्त बड़ा फेरबदल देखने को मिल रहा है। मनोहर लाल खट्टर के सीएम पद से इस्तीफे के बाद अब नायब सिंह हरियाणा के नए मुख्यमंत्री होंगे।

नायब सिंह सैनी बीजेपी के साथ करीब 30 सालों से जुड़े हैं और पार्टी के लिए उन्होंने काफी काम किया है। यही वजह है कि मनोहर लाल खट्टर उन्हें अक्सर अपनी रैली में जमीन से जुड़ा हुआ नेता बताते रहे हैं।

अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से ताल्लुक रखने वाले नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र से एमपी हैं और उन्हें मनोहर लाल खट्ट का बेहद करीबी बताया जाता है।

भाजपा के साथ नायब सिंह सैनी ने अपना राजनीतिक सफर वर्ष 1996 में भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी के रूप में शुरू किया था और पार्टी के लिए इस पद पर साल 2000 तक काम करते रहें।

इसके बाद साल 2002 में पार्टी ने उन्हें जिला महामंत्री बनाया। वो युवा मोर्चा बीजेपी अंबाला से जिला महामंत्री बने थे।

साल 2005 में नायब सिंह सैनी को युवा मोर्चा भाजपा अंबाला में जिला अध्यक्ष बनाया गया। नायब सिंह की पार्टी के लिए योगदान का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि शुरुआती दिनों में वो पूरा समय संगठन के लिए काम किया करते थे यहां तक कि उन्हें घर की भी चिंता नहीं होती थी। ये बात मनोहर लाल खट्टर ने एक रैली में बताया था।

इसके बाद वो साल 2009 में बीजेपी किसान मोर्चा हरियाणा के प्रदेश महामंत्री पद पर रहे। 2012 में बीजेपी अंबाला जिलाध्यक्ष रहें और साल 2014 में नारायण गढ़ विधानसभा से चुनाव जीतकर विधायक बनें।

नायब सिंह सैनी फिलहाल राज्य के बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हैं। वो साल 2016 में हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री भी रहे। इसके बाद वर्ष 2019 में वो कुरुक्षेत्र से सांसद चुने गए थे।