प्याज का इस्तेमाल लगभग सभी किचन में किया जाता है। प्याज के बिना कई व्यंजनों का स्वाद अधूरा लगता है। यह न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है बल्कि सेहत के लिए भी कई तरह से फायदेमंद है।
हालांकि, बाजार में दो प्रकार के प्याज उपलब्ध हैं - सफेद और लाल। लोग अपने घरों में लाल प्याज का इस्तेमाल अधिक करते हैं। जबकि सफेद प्याज का सेवन कम किया जाता है।
लेकिन आपको बता दें, हर प्रकार के प्याज में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट, सल्फर कॉम्पोनेंट, मिनरल्स और कई तरह के विटामिन्स पाए जाते हैं।
मगर लाल और सफेद प्याज में ऐसे कई अलग-अलग गुण पाए जाते हैं जो उन्हें अलग करते हैं। जैसे सफेद प्याज के मुकाबले लाल प्याज में अधिक मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है।
लाल प्याज में एंथोसायनिन नामक एंटीऑक्सीडेंट होता है जो इसे लाल रंग देता है। यह शरीर में अनकंट्रोल सेल ग्रोथ को रोकता है, जिससे पेट, ब्रेस्ट और प्रोस्टेट कैंसर का खतरा भी कम हो सकता है।
वहीं, सफेद प्याज में लाल प्याज की तुलना में अधिक एंटीबायोटिक और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। इसमें लाल प्याज की तुलना में अधिक कैलोरी और कम फाइबर होता है।
हालांकि लाल प्याज और सफेद प्याज दोनों में ही विटामिन सी भरपूर मात्रा में पाया जाता है। यह एक वॉटर बेस्ड सोबर विटामिन है जो शरीर में कोलेजन को बढ़ाकर इम्यूनिटी बढ़ाने का काम करता है।
ऐसे में दोनों ही प्रकार के प्याज सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। हालांकि दोनों प्याज का स्वाद थोड़ा अलग होता है। सफेद प्याज का स्वाद थोड़ा मीठा होता है। वहीं लाल प्याज का स्वाद थोड़ा तीखा और हल्का मीठा होता है।
यह व्यक्ति की पसंद पर निर्भर करता है कि वह कौन सा प्याज खाना पसंद करता है। दोनों प्याज का इस्तेमाल आप सब्जी बनाने में कर सकते हैं और दोनों ही किस्म के प्याज को कच्चा यानी सलाद के रूप में भी खाया जा सकता है।