भारत में सबसे ज्यादा पसंदीदा सब्जियों में कटहल की सब्जी भी शामिल है। कटहल का इस्तेमाल करके कई तरह के पकवान बनाए जाते हैं। कुछ लोगों को इस सब्जी का अचार बहुत पसंद आता है तो कई लोगों को पका हुआ कटहल भी बहुत अच्छा लगता है।
कटहल भारत की मूल उपज है। वहीं, भारत दुनिया में कटहल का सबसे बड़ा उत्पादक भी है।
महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल राज्य में इसकी खेती लगभग 3000 से 6000 साल पहले से की जा रही है। हालांकि, भारत में कटहल का सबसे अधिक उत्पादन ओडिशा में होता है।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में सबसे ज्यादा उगाई जाने वाली यह सब्जी पड़ोसी देशों का राष्ट्रीय फल है।
जी हां, कटहल हमारे पड़ोसी देश श्रीलंका और बांग्लादेश का राष्ट्रीय फल है। वहीं तमिलनाडु और केरल का ये राजकीय फल भी है।
इतना ही नहीं कटहल को दुनिया का सबसे बड़ा फल भी कहा जाता है। आमतौर पर एक कटहल का वजन दस किलो से लेकर 25 किलो तक हो सकता है।
अब आपके मन में ये सवाल जरूर उठ रहा होगा कि कटहल को फल क्यों कहा जाता है जबकि हम इसकी सब्जी बनाते हैं।
आपको बता दें, वनस्पति विज्ञान में इसे सब्जी नहीं बल्कि एक फल माना जाता है। कटहल को कच्चा और पका दोनों तरीके से खाया जा सकता है। इतना ही नहीं कटहल के बीज का भी इस्तेमाल किया जाता है।