अंडे को सुपरफूड माना जाता है, क्योंकि इसमें प्रोटीन, विटामिन, मिनरल्स, कैल्शियम और फाइबर जैसे पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर के विकास और कार्य के लिए आवश्यक हैं। सर्दियों में अंडों का सेवन अधिक किया जाता है, खासकर जिम जाने वालों के बीच यह एक जरूरी आहार बन जाता है।
अंडे न केवल शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं, बल्कि वजन घटाने, मसल्स को मजबूत बनाने, और इम्यूनिटी को बढ़ाने में भी सहायक होते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बाजार में नकली अंडे भी बिक रहे हैं?
ये नकली अंडे आपकी सेहत के लिए खतरनाक हो सकते हैं, क्योंकि इनमें केमिकल और सिंथेटिक सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। इसलिए असली और नकली अंडों में फर्क पहचानना बेहद जरूरी है।
नकली अंडे का निर्माण सिंथेटिक सामग्री जैसे जिलेटिन, स्टार्च, आर्टिफिशियल कलर और कोएगुलेंट्स से किया जाता है। ये दिखने में बिल्कुल असली अंडों जैसे लग सकते हैं, लेकिन इनमें असली अंडों के पोषक तत्व नहीं होते। इसके बजाय इनमें मौजूद केमिकल सेहत के लिए खतरनाक हो सकते हैं।
नकली अंडे में कैल्शियम कार्बोनेट, स्टार्च, रेजिन, जिलेटिन और आर्टिफिशियल फूड कलर जैसे सिंथेटिक पदार्थ होते हैं, जो शरीर में विषाक्तता पैदा कर सकते हैं। इसके सेवन से पाचन समस्याएं, जैसे पेट दर्द, दस्त, कब्ज, मतली आदि हो सकती हैं।
साथ ही, इनसे केमिकल पॉइजनिंग, एलर्जी और लिवर, किडनी, और नर्वस सिस्टम को भी नुकसान हो सकता है। लंबे समय तक इनका सेवन कैंसर पैदा करने वाले पदार्थों का जोखिम भी बढ़ा सकता है।
असली अंडे का छिलका खुरदुरा और दानेदार होता है, जबकि नकली अंडे का छिलका चिकना, चमकदार और एक जैसा होता है।
असली अंडे को हिलाने पर कोई आवाज नहीं आती क्योंकि जर्दी और सफेदी छिलके में अच्छी तरह से बंद होते हैं। नकली अंडे को हिलाने पर पानी जैसी आवाज आ सकती है, क्योंकि इसमें ढीला मिश्रण होता है।
असली अंडे का छिलका आसानी से टूटता है और उसके अंदर पतली झिल्ली होती है। नकली अंडे का छिलका ज्यादा सख्त होता है और उसे तोड़ना मुश्किल होता है, साथ ही टूटने पर यह प्लास्टिक जैसा महसूस हो सकता है।
असली अंडे की जर्दी गोल और सख्त होती है, जबकि सफेदी पतली होती है। नकली अंडे की जर्दी ज्यादा गोल नहीं होती और सफेदी ज्यादा गाढ़ी या पतली हो सकती है।
असली अंडा एक समान रूप से पकता है और जर्दी तथा सफेदी एक साथ जमती हैं। जबकि नकली अंडा समान रूप से नहीं पकता और इसका स्वाद और बनावट असामान्य होती है।