अक्सर आपने घरों में देखा होगा कि बड़े-बुजुर्ग कहते हैं कि सुबह उठकर भीगे हुए चने खाने चाहिए। दरअसल, भीगे हुए कच्चे चने सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद होते हैं।
इसमें मौजूद फाइबर, प्रोटीन, कैल्शियम और विटामिन जैसे कई अन्य पौष्टिक तत्व शरीर की कई समस्याओं को दूर करने में खास भूमिका निभाते हैं।
चलिए जानते हैं रोजाना भीगे हुए चने खाने से शरीर को क्या-क्या फायदे होते हैं और इसके सेवन से कौन-कौन सी समस्याएं दूर हो सकती हैं।
फाइबर से भरपूर काले चने पाचन तंत्र को स्वस्थ रखते हैं। यह आंतों और पेट से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है। अगर आप पाचन संबंधी किसी भी समस्या यानी गैस, कब्ज या अपच से परेशान हैं तो रोज सुबह भीगे हुए चने खाना शुरू कर दें।
चने में एंटीऑक्सीडेंट्स एंथोसायनिन और फाइटोन्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं। ये गुण ब्लड वेसल्स को मजबूत और स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। इसके अलावा इसमें मैग्नीशियम और फोलेट भी होता है जो दिल से जुड़ी कई बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं।
अगर आप रोजाना सुबह भीगे हुए चने खाएंगे, तो आपको लंबे समय तक भूख नहीं लगेगी, क्योंकि इसमें प्रोटीन और फाइबर की मात्रा अधिक होती है। इसे खाने के बाद पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है। इसकी वजह से आप ओवरइटिंग से भी बच सकते हैं।
भीगे हुए चने आंखों की सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होते हैं, क्योंकि इसमें बीटा-कैरोटीन पाया जाता है। यह तत्व आंखों के सेल्स को नुकसान से बचाता है। इसके रोजाना सेवन से आंखों की रोशनी भी बढ़ती है।
चने में आयरन की मात्रा काफी अधिक होती है, जो आपको एनीमिया की समस्या से बचा सकती है। आयरन रेड ब्लड सेल्स के उत्पादन को भी बढ़ाता है जिससे हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ता है और खून की कमी दूर होती है।