भारत ने 19 जनवरी 2021 को गाबा में ‘कंगारुओं का घमंड’ तोड़ा था। भारत ने तब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथा टेस्ट मैच 3 विकेट से जीतकर 4 मैच की सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी। साथ ही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी पर अपना कब्जा बरकरार रखा था। मैच में भारत को जीत के लिए 328 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे उसने 97 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल किया था।
भारत की ओर से शुभमन गिल ने 91 और चेतेश्वर पुजारा ने 56 रन बनाए। ऋषभ पंत को मैन ऑफ द मैच चुना गया। ऋषभ पंत ने 9 चौके और एक छक्के की मदद से 138 गेंद में नाबाद 89 रन बनाए थे। ऋषभ पंत ने चेतेश्वर पुजारा के साथ 61, मयंक अग्रवाल के साथ 37 और वाशिंगटन सुंदर के साथ 53 रन की साझेदारी की थी।
खास यह था कि भारतीय टीम उस समय चोटों से जूझ रही थी। उसके कई नियमित खिलाड़ी चोटिल थे। इसके बावजूद अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में भारतीय टीम ने गाबा में ऑस्ट्रेलिया के 32 साल के अजेय रिकॉर्ड को खत्म करते हुए आखिरी दिन रिकॉर्ड तोड़ चेज करके टेस्ट मैच जीता था। गाबा में भारत की वह पहली जीत थी। भारत की जीत में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में 5 विकेट लेने वाले मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर का भी अहम योगदान रहा था।
… और पढ़ें