LPG e-KYC Online Kaise Kare: पश्चिम एशिया में तनाव जारी है। इसी बीच, सरकार ने सभी घरेलू एलपीजी (रसोई गैस) कंज्यूमर्स से बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण (e-KYC) पूरा करने को कहा है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि घरेलू एलपीजी उपभोक्ता अब घर बैठे ही अपनी ऑयल मार्केटिंग कंपनी के मोबाइल ऐप और आधार फेसआरडी (Aadhaar FaceRD) ऐप की मदद से ई-केवाईसी पूरा कर सकते हैं।

इंडेन गैस के ग्राहक यह काम इंडियन ऑयल वन ऐप से कर सकते हैं। भारत गैस के ग्राहक हैलो बीपीसीएल ऐप का इस्तेमाल करें। एचपी गैस के ग्राहक एचपी पे ऐप के जरिये यह प्रोसेस पूरा कर सकते हैं। आइए अब जानते हैं कि घर बैठे एलपीजी ई-केवाईसी कैसे करें।

घर बैठे एलपीजी ई-केवाईसी करने का सबसे आसान तरीका

  • सबसे पहले स्टेप में अपने एलपीजी प्रोवाइडर का मोबाइल ऐप और आधार फेसआरडी ऐप डाउनलोड करें।
  • दूसरे स्टेप में एलपीजी कनेक्शन से जुड़े मोबाइल नंबर से ऐप में रजिस्टर या लॉग इन करें।
  • तीसरे स्टेप में ऐप में जाकर ई-केवाईसी का ऑप्शन सेलेक्ट करें।
  • चौथे स्टेप में अपना आधार नंबर दर्ज करें और वेरिफिकेशन की इजाजत दें।
  • पांचवे स्टेप में आधार फेसआरडी ऐप के जरिये फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करें।
  • वेरिफिकेशन के बाद सिस्टम यह पुष्टि कर देगा कि ई-केवाईसी प्रोसेस पूरा हो गया है।

सभी एलपीजी ग्राहकों के लिए जरूरी नहीं ईकेवाईसी

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा कि बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण (e-KYC) सभी एलपीजी ग्राहकों के लिए जरूरी नहीं है। यह केवल उन लोगों के लिए है जिन्होंने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है। मंत्रालय ने यह बात इसलिए स्पष्ट की क्योंकि सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें फैल रही थीं कि हर गैस उपभोक्ता को e-KYC कराना पड़ेगा।

पीएनजी कनेक्शन वाले घरेलू एलपीजी कनेक्शन नहीं रख सकेंगे

सरकार ने यह भी फैसला किया है कि जिन घरों में पहले से पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन है, वे अब सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी कनेक्शन नहीं रख सकेंगे। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 14 मार्च को इस संबंध में एक अधिसूचना जारी की। नए नियमों के मुताबिक, जिन उपभोक्ताओं के घर में पीएनजी कनेक्शन है, उन्हें तुरंत अपना घरेलू एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना होगा।

नंदा देवी एलपीजी कैरियर गुजरात पहुंचा

इसी बीच, लगभग 45000 मीट्रिक टन गैस ले जा रहा एक अन्य भारतीय एलपीजी कैरियर नंदा देवी मंगलवार को होर्मुज स्ट्रेट को पार करके गुजरात पहुंचा। यह पोत गुजरात के वडीनार बंदरगाह पर पहुंचा है। हालांकि पहले इसे कांडला बंदरगाह जाना था, लेकिन इसे वडीनार की ओर मोड़ दिया गया है। भारतीय झंडे वाला एलपीजी टैंकर, शिवालिक एक दिन पहले ही मुंद्रा पोर्ट पहुंच चुका था। इस पोत ने लगभग 45000-46000 टन एलपीजी की आपूर्ति की। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट के पश्चिम में वर्तमान में 22 भारतीय ध्वज वाले पोत तैनात हैं। इनमें कुल 611 भारतीय नाविक सवार हैं।