इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म काॅरपोरेशन (आईआरसीटीसी) वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और बीमार लोगों की सुविधा के लिए ई-व्हीलचेयर सेवा उपलब्ध करवाती है। यह सुविधा देश के कुछ चुनिंदा रेलवे स्टेशनों पर मुफ्त बुक करवाई जा सकती है। इसे फर्स्ट कम फर्स्ट सर्व (पहले आओ-पहले पाओ) की तर्ज पर उपलब्ध करवाया जाता है। इसकी बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट irctctourism.com के माध्यम से कंफर्म, आरएसी और आंशिक वेटिंग रिजर्वेशन टिकट वाले यात्री करवा सकते हैं। यदि कोई पैसेंजर व्हीलचेयर के कंफर्म बुकिंग को रद्द करवाते हैं तो उनसे किसी तरह का चार्ज नहीं लिया जाता है।
व्हीलचेयर ऑनलाइन बुक करने के लिए पैसेंजर को ऑफिशियल वेबसाइट irctctourism.com पर जाना होगा। यहां वे अपना पीएनआर नंबर डालकर व्हीलचेयर की उपलब्धता को देख सकते हैं। इसके बाद उन्हें जरूरी डिटेल भरने होते हैं और बुकिंग के लिए अप्लाई करना होता है। एक बार बुकिंग हो जाने के बाद आवेदक वाउचर का प्रिंट आउट निकाल लें। इसकी जरूरत उक्त स्टेशन पर व्हीलचेयर लेने के समय पड़ती है।
यह सुविधा देश के 22 स्टेशनों पर उपलब्ध करवायी जा रही है। इसमें आगरा कैंट, अहमदाबाद जंक्शन, बैंगलुरु सिटी जंक्शन, भुसावल जंक्शन, हावड़ा जंक्शन, इंदौरा जंक्शन, जयपुर जंक्शन, झांसी जंक्शन, कानपुर सेंट्रल जंक्शन, लखनऊ जंक्शन (LKO), लखनऊ जंक्शन (LJN), माता वैष्णोदेवी कटरा, मुंबई सेंट्रल, मुंबई सीएसटी, नागपुर जंक्शन, नई दिल्ली, पठानकोट कैंट, पुणे जंक्शन, सिकंदराबाद जंक्शन, वडोदरा जंक्शन, वाराणसी जंक्शन और विजयवाड़ा जंक्शन शामिल है। इन सभी स्टेशनों पर कलेक्शन सेंटर बनाए गए हैं, जहां से ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले यात्री इसे प्राप्त कर सकते हैं। अाईआरसीटीसी की वेबसाइट पर इसकी विस्तृत जानकारी दी गई है। इसे बुक कराने का एडवांस समय 4 घंटे से लेकर 72 घंटे तक का है।