आजकल बाजार में हर दूसरे दिन एक नया स्मार्टफोन आ जाता है। बेहतरीन कैमरा, चकाचक डिस्प्ले और तगड़े फीचर्स देखकर हर किसी का मन ललचा जाता है। फिर ऊपर से ‘नो कास्ट ईएमआइ’ और ‘जीरो डाउन पेमेंट’ जैसे लुभावने प्रस्ताव आग में घी डालने का काम करते हैं, लेकिन इसका नतीजा यह होता है कि हम जोश में आकर वो फोन भी खरीद लेते हैं जिसका बजट हमारी सीमा से बाहर होता है।

ऐसा करना ख़राब वित्तीय योजना है। इसलिए यदि आप नए नए महंगे स्मार्टफोन खरीदने के शौकीन हैं तो आपको मोबाइल खरीदने के 2-6-10 नियम के बारे में जरूर जान लेना चाहिए। असल में यह नियम बताता है कि फोन की कीमत, ईएमआइ की अवधि और मासिक किस्त आपके मासिक वेतन के हिसाब से कितनी होनी चाहिए, ताकि आप कर्ज और आर्थिक तनाव से बच सकें।

2 का नियम

यह नियम आपकी खर्च करने की क्षमता तय करता है। हमेशा फोन की कुल कीमत महीने के वेतन के आधे से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। अगर आप महीने का ₹50,000 कमाते हैं, तो अधिकतम ₹25,000 तक का ही फोन खरीदें। फोन एक ऐसी चीज है जिसकी कीमत डिब्बे से बाहर निकलते ही 20 फीसद गिर जाती है। यह कोई निवेश नहीं है जो आगे चलकर बढ़ेगा। एक महीने की पूरी कमाई या दो महीने के वेतन को एक फोन पर खर्च कर देना वित्तीय गलती है।

6 का नियम

आजकल कंपनियां 18 महीने और 24 महीने की EMI का लालच देती हैं ताकि आपको किस्त छोटी लगे। ये EMI ही एक जाल है, जिसमें लोग फंस जाते हैं। अगर फोन किस्त पर ले रहे हैं, तो उसकी अवधि 6 महीने से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।

अगर आप दो साल की EMI पर फोन लेते हैं, तो बड़ी बात है कि एक साल बाद ही वो पुराना लगने लगता है या खराब हो जाता है। तब आपको दुख होता है कि फोन चल नहीं रहा लेकिन किस्त अभी भी भरनी पड़ रही है। 6 महीने में लोन खत्म करने का मतलब है कि आप जल्द ही कर्ज मुक्त हो जाएंगे और ब्याज भी कम लगेगा।

10 का नियम

यह नियम आपके घर के बजट को बिगड़ने से बचाता है। फोन की मासिक किस्त (EMI) आपकी महीने की कुल कमाई के 10 फीसद से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। फोन खरीदने से पहले खुद से पूछें कि क्या आपको अपनी वित्तीय सीमा से अधिक महंगे फोन खरीदने की जरूरत है।

क्या आपको पता है कि जो फोन आप आज ₹50,000 में ले रहे हैं, एक साल बाद उसकी बिक्री कीमत ₹25,000 भी नहीं बचेगी। यह भी सोचें कि आप नया माडल के नाम पर अपना पैसा बर्बाद तो नहीं कर रहे हैं, जबकि आपका मौजूदा फोन काम कर ही रहा है।

यह भी पढ़ें: क्या फोन कंट्रोल कर रहा है आपकी जिंदगी? इन 7 संकेतों से जानें आपको मोबाइल एडिक्शन है या नहीं

कई लोग पूरे दिन, सोने से पहले और जागने के बाद मोबाइल फोन से चिपके रहते हैं। अगर आप भी उन लोगों में से हैं, जो हर समय फोन को अपने पास रखे रहते हैं, तो कुछ संकेतों से आप यह जान सकते हैं कि कहीं आप भी मोबाइल फोन के आदी तो नहीं हो गए हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें