दक्षिण-पूर्व दिल्ली के अमर कॉलोनी में हुई घटना ने लोगों को चौंका दिया है। पूर्व ‘हाउस हेल्प’ के तौर पर काम करने वाले राहुल मीणा द्वारा आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या ने लोगों को सकते में डाल दिया। राहुल जिसे एक अन्य अफसर की सिफारिश पर काम पर रखा गया था, उसने मोबाइल फोन के चार्जर केबल से युवती का गला घोंटकर हत्या कर दी।

हत्या से पहले उसने यूपीएससी की तैयारी कर रही युवती के साथ बलात्कार भी किया और उसे लॉकर खुलवाने के लिए दूसरे कमरे तक घसीटा। घटना के बाद वो ढाई लाख रुपये लेकर भाग गया। हालांकि, पुलिस ने 10 घंटे के भीतर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।

इस घटना ने लोगों के जहन में एक सवाल पैदा कर दिया है कि आखिर ‘हाउस हेल्प’ पर भरोसा कैसे करें? क्या केवल किसी की सिफारिश पर किसी को घर पर काम के लिए रखना सुरक्षित है? क्या करें कि हाउस हेल्प रखना एक सुरक्षित विकल्प लगे? इन सवालों का जवाब है – हाउस हेल्प रखने से पहले उसका पुलिस वेरिफिकेशन करवा लें।

हाउस हेल्प का पुलिस वेरिफिकेशन क्या है?

हाउस हेल्प का पुलिस वेरिफिकेशन मतलब है कि आपके घर में काम करने वाले नौकर/मेड/कुक/ड्राइवर की पहचान और बैकग्राउंड की पुलिस द्वारा जांच कराएं। यह इसलिए किया जाता है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि जिस व्यक्ति को आप घर में रख रहे हैं, उसका कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड (अपराध का इतिहास) न हो और वह भरोसेमंद है।

पुलिस वेरिफिकेश में क्या होता है?

इस प्रक्रिया के तहत हेल्प का आधार कार्ड, फोटो, पता आदि लिया जाता है। स्थानीय पुलिस स्टेशन में उसका फॉर्म जमा किया जाता है। पुलिस उसके पिछले रिकॉर्ड और पते की जांच करती है। कभी-कभी पुलिस फिजिकल वेरिफिकेशन भी करती है। ऐसा ऑनलाइन भी किया जा सकता है। विभिन्न राज्यों और शहरों के लिए वहां की संबंधित पुलिस की ऑनलाइन पोर्टल पर विक्लप मौजूद रहते हैं।

दिल्ली वाले कैसे कराए वेरिफिकेशन?

दिल्ली में यह प्रक्रिया अब काफी आसान हो गई है, क्योंकि दिल्ली पुलिस ने इसे ऑनलाइन उपलब्ध करा दिया है। सबसे पहले आपको दिल्ली पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होता है। यहां “Citizen Services” सेक्शन के अंतर्गत “Tenant / Domestic Help Verification” विकल्प उपलब्ध होता है। इस पर क्लिक करने के बाद आपको मोबाइल नंबर के जरिए रजिस्ट्रेशन करना होता है, जहां OTP के माध्यम से लॉगिन पूरा किया जाता है।

लॉगिन करने के बाद एक ऑनलाइन फॉर्म भरना होता है, जिसमें घरेलू कामगार की पूरी जानकारी देनी होती है – जैसे नाम, मोबाइल नंबर, पहचान पत्र (आधार, वोटर आईडी आदि), स्थायी और वर्तमान पता। इसके साथ ही कामगार की फोटो और नियोक्ता (घर के मालिक) का एड्रेस प्रूफ भी अपलोड करना होता है।

सभी विवरण भरने के बाद फॉर्म सबमिट किया जाता है, जिसके बाद एक acknowledgment नंबर मिलता है। इसी नंबर के जरिए आवेदन की स्थिति को ट्रैक किया जा सकता है।

वेरीफिकेशन कराना क्यों जरूरी है?

हाउस हेल्प रखने से पहले उसका पुलिस वेरिफिकेश कराना घर और परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है। इससे चोरी, धोखाधड़ी या किसी अन्य जोखिम से बचने में काफी हद तक मदद मिलती है। कई शहरों में यह कानूनी रूप से अनिवार्य भी होता है।

पुलिस वेरिफिकेशन कैसे करवाते हैं?

वेरिफिकेशन करवाने के लिए नजदीकी पुलिस स्टेशन में जाकर फॉर्म भरें या कई जगह ऑनलाइन पोर्टल से भी आवेदन हो जाता है। हाउस हेल्प से जुड़े जरूरी दस्तावेज जैसे आईडी प्रूफ, अड्रेस प्रूफ और फोटो जमा करें। पुलिस इन सभी दस्तावजों का सत्यापन करेगी और बताएगी कि संबंधित व्यक्ति का कोई आपराधिक इतिहास है या नहीं।

हालांकि, वेरिफिकेशन होने के बाद भी हाउस हेल्प को रखने के बाद पूरी सावधानी रखें। शुरुआती दिनों में नजर रखें और कीमती सामान सुरक्षित रखें। हाउस हेल्प का पुलिस वेरिफिकेशन एक छोटी लेकिन बेहद महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जो आपके घर और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने में बड़ी भूमिका निभाती है। डिजिटल सुविधाओं के चलते अब यह प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक सरल हो गई है, इसलिए हर नागरिक को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।