Delhi DTC Pink Card: दिल्ली परिवहन निगम यानी डीटीसी की बसों में फ्री यात्रा करने वाली महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा का फायदा उठाने के लिए एक अगस्त से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड रखना अनिवार्य होगा। मौजूदा पिंक टिकट 31 जुलाई तक ही काम करेंगे। आइए अब स्टेप-बाय-स्टेप जानते हैं कि इस कार्ड को कैसे बनवाएं।
डीटीसी पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड क्या है?
सहेली स्मार्ट कार्ड को आधिकारिक तौर पर पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के नाम से जाना जाता है। यह दिल्ली सरकार की एक ऐतिहासिक पहल है। ये दिल्ली में रहने वाली पांच साल की और उससे ज्यादा उम्र की सभी महिलाओं को डीटीसी और कलस्टर बसों में फ्री यात्रा का अनुभव देती है।
पहले महिलाओं को हर बार कंडक्टर के पास जाकर टिकट लेना पड़ता था। अब डीटीसी पिंक स्मार्ट कार्ड से आप बस अपना कार्ड टैप करें और अपनी सीट पर बैठ जाएं, किसी तरह का कोई झंझट नहीं और ना ही किसी तरह का कोई इंतजार करना पड़ेगा। इसके अलावा यूपीआई के जरिये टॉप-अप करने के बाद इसी कार्ड का इस्तेमाल दिल्ली मेट्रो में भी किया जा सकता है।
डीटीसी पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के लिए पात्रता?
अब बात पात्रता की करें तो आवेदक को दिल्ली का निवासी होना अनिवार्य है। आवेदक की उम्र पांच साल या उससे ज्यादा होनी चाहिए। उसके पास वैध पहचान पत्र (आधार कार्ड / वोटर आईडी) होना अनिवार्य है। पहचान पत्र पर दिल्ली का आवासीय पता होना अनिवार्य है।
कैसे करें आवेदन?
डीटीसी पिंक कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन का कोई विकल्प उपलब्ध नहीं है। आप अपना कार्ड केवल दिल्ली भर में स्थित डीसी कार्यालयों, एसडीएम कार्यालयों या डीटीसी केंद्रों पर ही बनवा सकते हैं। दिल्ली में 50 केंद्र हैं, जहां पर आप पिंक कार्ड हासिल कर सकते हैं। आवेदक अपना मूल आधार कार्ड (दिल्ली के पते सहित) और मोबाइल नंबर साथ में लेकर इन केंद्रों पर जाए। यहां पर किसी अपाइंटमेंट की जरूरत नहीं है।
केंद्र पर आपका आधार-आधारित बायोमेट्रिक/ओटीपी वेरिफिकेशन किया जाएगा। इससे यह सुनिश्चित होता है कि हर एक महिला को केवल एक ही डीटीसी पिंक कार्ड मिले। वेरिफिकेशन के बाद में आपको पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड सौंप दिया जाएगा। इसके लिए आपको बिल्कुल भी इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के बिना महिलाएं फ्री बस यात्रा का नहीं ले सकेंगी लाभ, एक अगस्त से लागू होगा फैसला
महिला यात्रियों द्वारा पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने की गति बेहद धीमी है और इस वजह से डीटीसी अधिकारी चिंतित हैं। डीटीसी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि उसकी तरफ से महिलाओं को पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने की सलाह दी जा रही है। इसके लिए बसों में स्पेशल ड्राइव चलाया जा रहा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
